Home » उत्तर प्रदेश » यूपी बीजेपी संगठन टीम का ऐलान, पंकज चौधरी की टीम में कई नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी

यूपी बीजेपी संगठन टीम का ऐलान, पंकज चौधरी की टीम में कई नए चेहरों को मिली जिम्मेदारी

यूपी बीजेपी की नई टीम का ऐलान, बड़े बदलाव

UP BJP New Team: उत्तर प्रदेश भाजपा ने गुरुवार को अपनी नई संगठन टीम की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की टीम में कुल 18 उपाध्यक्ष, 8 महामंत्री और 18 प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं। नई टीम में कई अनुभवी नेताओं के साथ-साथ नए चेहरों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।

इस संगठन में पूर्वांचल की नेता और समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं पूजा पाल को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री सुरेश राणा को भी उपाध्यक्ष पद देकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।नई नियुक्तियों के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में उपाध्यक्षों की संख्या 19 हो गई है, जबकि प्रदेश मंत्रियों की संख्या 18 है। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में चुनाव से करीब 9 महीने पहले घोषित की गई यह टीम भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

पीडीए रणनीति के जवाब में ओबीसी पर भाजपा का फोकस

भाजपा की नई संगठन टीम में पिछड़ा वर्ग (OBC) को खास महत्व दिया गया है। इसे समाजवादी पार्टी की पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) रणनीति के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।नई टीम में दिनेश प्रताप सिंह को उत्तर प्रदेश भाजपा का प्रवक्ता बनाया गया है। वहीं, देवेंद्र सिंह को भाजपा किसान मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा रोहित मिश्रा को भाजपा युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। अशोक रावत को भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सरोज कुशवाहा को भाजपा महिला मोर्चा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।भाजपा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया है।

UP BJP New Team: पूजा पाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी

पूजा पाल प्रयागराज से विधायक हैं और पहले समाजवादी पार्टी में थीं। बाद में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। उनके पति राजू पाल की हत्या का मामला काफी चर्चित रहा है।इस हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद के गुर्गों पर आरोप लगे थे। इसी मामले की पैरवी कर रहे राजू पाल के वकील उमेश पाल की फरवरी 2023 में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक अहमद को साबरमती जेल से उत्तर प्रदेश लाया गया था। इसके बाद अतीक अहमद और उसके भाई की भी हत्या कर दी गई थी। अब पूजा पाल को भाजपा संगठन में बड़ी जिम्मेदारी देकर पार्टी ने उन्हें महत्वपूर्ण भूमिका दी है।

भाजपा के मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा

भाजपा ने संगठन के अलग-अलग मोर्चों के अध्यक्षों के नाम भी घोषित कर दिए हैं। पार्टी ने किसान, युवा, महिला और अनुसूचित जाति मोर्चा समेत कई संगठनों में नई नियुक्तियां की हैं।

प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त किए गए नेताओं में पश्चिमी यूपी के सुरेश राणा, सत्यपाल सैनी, ब्रज बहादुर, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, मोहित बेनीवाल, देवेश कोरी, प्रियंका रावत, दुर्विजय शाक्य, रमेश सिंह, नीरज सिंह, अर्चना मिश्रा, पूजा पाल, शंकर गिरी, कामेश्वर सिंह, डॉ. कृतिका अग्रवाल, सुरेश मौर्य, राजेश यादव, कृष्ण बिहारी राय, आलोक गुप्ता और रामप्रताप सिंह चौहान शामिल हैं।

भाजपा की यह नई टीम आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है। पार्टी ने जातीय समीकरण, क्षेत्रीय संतुलन और अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को शामिल कर संगठन को मजबूत करने की कोशिश की है।

ये भी पढ़ें…भगवान जगन्नाथ मंदिर में 5 घंटे बंद रहेगा दर्शन, श्रद्धालुओं के लिए जारी हुई खास सूचना