Home » उत्तर प्रदेश » राजा भैया के पिता समेत 13 लोगों पर प्रशासन का शिकंजा, भारी पुलिस फोर्स की तैनाती से बढ़ी हलचल

राजा भैया के पिता समेत 13 लोगों पर प्रशासन का शिकंजा, भारी पुलिस फोर्स की तैनाती से बढ़ी हलचल

UP NEWS: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मुहर्रम के मद्देनजर प्रशासन ने जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के प्रमुख और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पिता उदय प्रताप सिंह समेत 13 लोगों को हाउस अरेस्ट कर दिया है। कुंडा एसडीएम के आदेश पर पुलिस ने भदरी किले के मुख्य द्वार पर नोटिस चस्पा कर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है।

भदरी किले से बाहर निकलने पर रोक

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक उदय प्रताप सिंह और अन्य 12 लोग गुरुवार सुबह से शुक्रवार रात 9 बजे तक अपने आवास से बाहर नहीं निकल सकेंगे। आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए भदरी किले के बाहर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी बढ़ा दी गई है।

UP NEWS: मुहर्रम को शांतिपूर्ण कराने की तैयारी

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह के सांप्रदायिक तनाव से बचने के उद्देश्य से की गई है। प्रतापगढ़ पुलिस पूरे जिले में अलर्ट मोड पर है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

हर साल होती है ऐसी कार्रवाई

उदय प्रताप सिंह को पिछले कई वर्षों से मुहर्रम के अवसर पर एहतियातन नजरबंद किया जाता रहा है। इस दौरान वह हनुमान मंदिर में भंडारे का आयोजन करने की घोषणा करते हैं, लेकिन प्रशासन कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए इसकी अनुमति नहीं देता।

UP NEWS: 2015 के विवाद के बाद बनी परंपरा

दरअसल, वर्ष 2015 में शेखपुर आशिक गांव स्थित हनुमान मंदिर पर बंदर की मौत की बरसी और मुहर्रम के ताजिया जुलूस को लेकर विवाद हो गया था। उस समय दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए थे। इसके बाद से हर वर्ष मुहर्रम के दौरान प्रशासन एहतियातन उदय प्रताप सिंह और उनके सहयोगियों को हाउस अरेस्ट करता है, ताकि किसी भी संभावित विवाद को रोका जा सके।

ये भी पढ़े… भगवान जगन्नाथ मंदिर में 5 घंटे बंद रहेगा दर्शन, श्रद्धालुओं के लिए जारी हुई खास सूचना