PM MODI NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में अमेजन के 48 अरब डॉलर (करीब 4 लाख करोड़ रुपये) के प्रस्तावित निवेश का स्वागत करते हुए कहा कि यह देश के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करेगा और भारत में वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे का प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने अमेजन के सीईओ एंडी जेसी के साथ हुई मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए कहा कि यह निवेश भारत की विकास यात्रा को नई गति देगा।
‘भारत में बढ़ रहा दुनिया का भरोसा’
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अमेजन के सीईओ एंडी जेसी की पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि यह मुलाकात बेहद शानदार रही। उन्होंने कहा कि अमेजन का रिकॉर्ड निवेश न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा, बल्कि यह भी दिखाता है कि दुनिया की प्रमुख कंपनियां भारत को निवेश के लिए सबसे भरोसेमंद बाजार मान रही हैं।
PM MODI NEWS: पांच वर्षों में 48 अरब डॉलर का निवेश
अमेजन के सीईओ एंडी जेसी ने बताया कि कंपनी अगले पांच वर्षों में भारत में 48 अरब डॉलर का निवेश करेगी। इसमें 21 अरब डॉलर से अधिक की राशि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत में कंपनी की यात्रा अभी शुरुआती दौर में है और आगे बड़े स्तर पर विस्तार की योजना है।
2030 तक 38 लाख रोजगार का लक्ष्य
जेसी के मुताबिक, अमेजन का लक्ष्य वर्ष 2030 तक भारत में 38 लाख रोजगार के अवसर पैदा करना, 80 अरब डॉलर के ई-कॉमर्स निर्यात को सक्षम बनाना और 1.5 करोड़ छोटे कारोबारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना है। इसके अलावा कंपनी 40 लाख सरकारी स्कूलों के छात्रों तक एआई आधारित सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में भी काम करेगी।
PM MODI NEWS: AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ा फोकस
अमेजन की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 2026 से 2030 के बीच भारत में एआई और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए कंपनी का कुल निवेश 21 अरब डॉलर से अधिक होगा। इसे भारत में एआई और क्लाउड सेक्टर में किसी वैश्विक कंपनी का सबसे बड़ा निवेश माना जा रहा है।
डिजिटल अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि अमेजन के इस बड़े निवेश से भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप इकोसिस्टम, क्लाउड सेवाओं, ई-कॉमर्स और रोजगार सृजन को नई गति मिलेगी। साथ ही, छोटे कारोबारियों और तकनीकी क्षेत्र में काम करने वाले युवाओं के लिए भी नए अवसर खुलेंगे।
ये भी पढ़े… क्या वैभव सूर्यवंशी का डेब्यू होगा या करना पड़ेगा इंतजार? जानिए कैसी हो सकती है भारत की प्लेइंग XI







