Kaushambi Accident: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 7 बजे एक LPG गैस से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर टोल प्लाजा से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते टैंकर में आग लग गई।इस हादसे में टोल प्लाजा के 5 कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। वहीं, टैंकर के ड्राइवर और कंडक्टर ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।
2 किलोमीटर दूर तक दिखी आग की लपटें
हादसा इतना भयानक था कि आग और धुएं का गुबार करीब 2 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। झुलसे हुए टोल कर्मचारी सड़क पर दर्द से तड़पते नजर आए।आग की तेज लपटों को देखकर टोल प्लाजा के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बस और कारें सड़क पर रुक गईं। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में डर फैल गया।
आग इतनी भयंकर थी कि कोई भी व्यक्ति उसके करीब जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।यह हादसा जिला मुख्यालय से करीब 16 किलोमीटर दूर कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा पर हुआ।

Kaushambi Accident: ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, LPG टैंकर कानपुर से प्रतापगढ़ की तरफ जा रहा था। बताया जा रहा है कि ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान यह हादसा हुआ।टैंकर की रफ्तार करीब 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच थी। इसी दौरान टैंकर डिवाइडिंग लेन से टकराकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे और वहां से चले गए।
गैस रिसाव के बाद हुआ धमाका
कौशांबी के एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि टोल कर्मचारियों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, टैंकर के टकराने के बाद उसमें से गैस का रिसाव शुरू हो गया था।गैस लीक होने के कारण पहले जोरदार धमाका हुआ और उसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सही वजह जानने के लिए डीएसओ (DSO) और तकनीकी टीम को जानकारी दे दी गई है। टीम मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच करेगी।
एसपी के अनुसार, इस हादसे में कुल 7 लोग घायल हुए थे। इनमें से 5 लोगों का शुरुआती इलाज जिला अस्पताल में कराया गया।घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया गया। वहीं, 2 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

यार्ड में खड़ी बाइक और कारें जलकर राख
टोल कर्मचारी संजय निर्मल ने बताया कि हादसे से करीब 10 मिनट पहले हल्की बारिश हुई थी। उन्होंने बताया कि अचानक टैंकर जोरदार आवाज के साथ गिर गया और इसके बाद गैस लीक होने लगी।कुछ ही समय में आग तेजी से फैल गई और टोल प्लाजा से लगे यार्ड और टॉयलेट तक पहुंच गई। यार्ड में खड़ी 16 से ज्यादा बाइक और 2 कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं।इस यार्ड में टोल कर्मचारी अपनी गाड़ियां पार्क करते थे। इसी दौरान पास के टॉयलेट में मौजूद सुपरवाइजर आलोक पांडे भी आग की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए।
पुलिस और फायर टीम ने रोका ट्रैफिक
एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि कोखराज टोल प्लाजा के पास आग लगने की सूचना मिलते ही जिले की सभी फायर ब्रिगेड गाड़ियों और सिविल पुलिस बल को तुरंत मौके पर भेजा गया।सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोक दिया गया था। इसके बाद फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।अब धीरे-धीरे यातायात को सामान्य किया जा रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।








