Pune: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड के आरोपी सिया और चेतन को लेकर पुलिस ने एक और खुलासा किया।इस हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस को मालूम हुआ है कि केतन की हत्या से पहले सिया और उसके प्रेमी चेतन ने न केवल हत्या की तरकीब खोजी, बल्कि हत्या के बाद जांच एजेंसियों को कैसे गुमराह किया जा सकता है, इसकी भी पूरी तैयारी कर ली थी।इस बीच पुलिस जांच के दौरान इस हत्याकांड में एक और युवक की एंट्री का खुलासा हुआ है।
पहाड़ी से गिराने की प्रैक्टिस
पुलिस के मुताबिक केतन हत्याकांड के मुख्य आरोपी सिया और चेतन चौधरी ने हत्या को अंजाम देने से पहले टीवी सीरियल ‘क्राइम पेट्रोल’ के कई एपिसोड देखे। इन एपिसोड से यह समझने की कोशिश की गई कि हत्या के बाद जांच एजेंसियों को कैसे गुमराह किया जा सकता है।पुलिस के मुताबिक पुणे के लुल्लानगर इलाके में स्थित एक पहाड़ी पर सिया और चेतन ने केतन अग्रवाल को गिराने की प्रैक्टिस भी की थी।ये पहाड़ी सिया के घर से कुछ ही दूर है।
Pune: एक और युवक की एंट्री
इस बीच पुलिस ने बीड से एक युवक को हिरासत में लिया है। वह बालेवाड़ी की एक कंपनी में काम करता है।बताया जाता है कि इस युवक को केतन की हत्या की प्लानिंग शेयर की गई थी।यह युवक दोनों मुख्य आरोपियों में से किसी का दोस्त हो सकता है। बताया जाता है कि पुलिस उस युवक को इस हत्याकांड का गवाह बना सकती है।
Pune: पुलिस को क्यों हुआ हत्या का शक
पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर 18 जून को पुणे के पास लोहगढ़ किले की पहाड़ी से कारोबारी केतन अग्रवाल को धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। शुरुआत में सिया ने पुलिस को बताया था कि केतन का पैर फिसलने से हादसा हुआ है, जिसके आधार पर पुलिस ने पहले आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था।
हालांकि पूछताछ के दौरान सिया के बयानों और उसके व्यवहार में कथित विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस को शक हुआ। आगे की जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने सिया और चेतन को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया।
जांच में यह भी सामने आया कि सिया और केतन की शादी दोनों परिवारों की सहमति से तय हो चुकी थी और इस साल नवंबर में विवाह होना था। पुलिस का आरोप है कि चेतन चौधरी इस रिश्ते से खुश नहीं था और वह केतन को अपने और सिया के रिश्ते में बाधा मानता था। इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची।








