DMK Politics: तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस और डीएमके के बीच बढ़ती दूरी के बीच अब परिसीमन बिल को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने जहां थलपति विजय की सरकार को समर्थन दिया है, वहीं एमके स्टालिन ने केंद्र सरकार के परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या स्टालिन कांग्रेस से अपना बदला ले रहे हैं या फिर उनके इस फैसले के पीछे तमिलनाडु के हितों से जुड़ी कोई रणनीति है?
DMK Politics: कांग्रेस छोड़कर विजय के साथ गई थी पार्टी
दरअसल, इसी साल मई में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद थलपति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनकी सरकार को कांग्रेस ने भी समर्थन दिया और वह सत्ता में भागीदार बन गई। कांग्रेस का यह फैसला इसलिए भी अहम था, क्योंकि विधानसभा चुनाव में वह एमके स्टालिन की डीएमके के साथ थी। चुनाव के बाद कांग्रेस ने डीएमके का साथ छोड़कर विजय का समर्थन कर दिया। अब करीब छह महीने बाद राजनीतिक तस्वीर बदलती दिखाई दे रही है। एमके स्टालिन ने केंद्र सरकार की ओर से लाए जा रहे परिसीमन बिल का समर्थन करने का ऐलान किया है। लोकसभा में डीएमके के 22 सांसद हैं। ऐसे में पार्टी का समर्थन सरकार के लिए अहम साबित हो सकता है।
DMK Politics: राहुल गांधी ने की समर्थन की अपील
एमके स्टालिन के इस ऐलान के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनसे अपील की। राहुल ने तमिलनाडु और राष्ट्रहित का हवाला देते हुए स्टालिन से परिसीमन बिल का विरोध करने की मांग की। इस पर स्टालिन ने भी जवाब दिया और साफ किया कि उनकी पार्टी तमिलनाडु के हितों को ध्यान में रखकर ही कोई कदम उठाएगी। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और सोनिया गांधी दक्षिण भारत के तीन मुख्यमंत्रियों के साथ चेन्नई पहुंचे हैं। इन नेताओं की एमके स्टालिन से मुलाकात होगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में कांग्रेस नेता उन्हें परिसीमन बिल का विरोध करने के लिए मनाने की कोशिश करेंगे। हालांकि, मुलाकात से पहले स्टालिन के रुख को देखते हुए उनके फैसले में बदलाव की संभावना कम दिखाई दे रही है।
क्या कांग्रेस से अलग राह चुन रहे हैं स्टालिन?
स्टालिन के इस रुख के पीछे तमिलनाडु की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को भी एक वजह माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस थलपति विजय की सरकार का हिस्सा बन चुकी है, जबकि डीएमके सत्ता से बाहर है। ऐसे में स्टालिन के लिए संसद में कांग्रेस और तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी के साथ एक ही पक्ष में खड़ा होना राजनीतिक रूप से सहज नहीं होगा। इसके अलावा, स्टालिन लगातार यह मांग करते रहे हैं कि परिसीमन के बाद राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात प्रभावित नहीं होना चाहिए। केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित व्यवस्था में इस चिंता को दूर करने की कोशिश की गई है।
परिसीमन पर सरकार ने क्या दिया आश्वासन?
प्रस्तावित व्यवस्था के मुताबिक, परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा। वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का अनुपात 1971 में तय किए गए आधार पर बरकरार रखने और सभी राज्यों में सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव है। इस व्यवस्था के तहत तमिलनाडु को भी लोकसभा सीटों में समान अनुपात से बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा और राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व का अनुपात प्रभावित नहीं होगा। ऐसे में एमके स्टालिन के लिए केंद्र सरकार के प्रस्ताव का समर्थन करना तमिलनाडु के हितों के खिलाफ नहीं माना जाएगा। साथ ही कांग्रेस के पास भी यह कहने का आधार कमजोर पड़ सकता है कि डीएमके ने राज्य के हितों से समझौता किया है। अब सबकी नजर चेन्नई में होने वाली इस मुलाकात पर है। सवाल यही है कि क्या राहुल गांधी, सोनिया गांधी और खरगे स्टालिन को अपना फैसला बदलने के लिए मना पाएंगे या फिर डीएमके परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस से अलग रास्ता चुनेगी?
यह भी पढ़े- परिसीमन पर शरद पवार के रुख से क्यों नाराज हुए अपने ही? दो इस्तीफों के पीछे समझिए पूरी कहानी








