Home » उत्तराखंड » बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे के पैसों की हेराफेरी के आरोप, मंदिर समिति ने दिए जांच के आदेश

बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे के पैसों की हेराफेरी के आरोप, मंदिर समिति ने दिए जांच के आदेश

Badrinath dham: अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे के पैसों की कथित हेराफेरी के आरोप सामने आ गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन आरोपों के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने मामले को गंभीरता से लिया है और जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

चेयरमैन हेमंत द्विवेदी ने क्या कहा?

श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के चेयरमैन हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच कराई जाएगी। इसके लिए एक जांच समिति का गठन किया जा रहा है। साथ ही जिन कर्मचारियों के नाम सामने आए हैं, उनसे भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में कोई भी कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Badrinath dham: ‘पर्सनल सेक्रेटरी’ को लेकर भी दी सफाई

हेमंत द्विवेदी ने सोशल मीडिया पर चल रहे एक अन्य दावे का भी खंडन किया। उन्होंने कहा कि जिस कर्मचारी को उनका “पर्सनल सेक्रेटरी” बताया जा रहा है, वह उनका निजी सचिव नहीं है। वह बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति का नियमित सरकारी कर्मचारी है, जो पहले भी समिति के तीन पूर्व चेयरमैन के साथ पर्सनल असिस्टेंट के रूप में काम कर चुका है। उन्होंने दोहराया कि यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं, तो किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी का मामला भी चर्चा में

Badrinath dham: इसी बीच अयोध्या के राम मंदिर में चंदा चोरी का मामला भी लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। पुलिस जांच में करोड़ों रुपये के चंदे में गड़बड़ी की बात सामने आने का दावा किया गया है। इस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और एसआईटी जांच जारी है। वहीं, इस मुद्दे पर आरएसएस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।

 

 

ये भी पढ़े: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, रुक-रुककर बारिश शुरू; तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट