Agra news: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मेघालय के चर्चित सोनम रघुवंशी केस और हाल के अन्य मामलों के बाद अब आगरा में एक महिला पर अपने ही पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफनाने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला ने हत्या के बाद बाथरूम पर नई टाइल्स लगवा दीं और करीब 45 दिनों तक पति के लापता होने का नाटक करती रही।
45 दिन बाद खुला हत्या का राज
यह मामला सिकंदरा थाना क्षेत्र के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी का है। भरतपुर निवासी 40 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा अपने परिवार के साथ यहां रहते थे। परिवार में उनकी पत्नी रूबी, मां और दो बेटियां थीं। सुरेंद्र 18 मई से लापता थे, जबकि 26 मई को उनकी पत्नी रूबी ने खुद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
Agra news: खीर में मिलाई नींद की गोलियां
पुलिस जांच के अनुसार, घटना वाले दिन रूबी ने पहले दोनों बेटियों को रिश्तेदार के घर भेज दिया। रात में उसने सुरेंद्र के लिए खीर बनाई, जिसमें कथित तौर पर भारी मात्रा में नींद की गोलियां मिला दीं। खीर खाने के बाद जब सुरेंद्र बेहोश हो गए, तो उनकी हत्या कर दी गई।
Agra news: बाथरूम में दफनाया शव, ऊपर लगवा दी टाइल्स
हत्या के बाद रूबी ने घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। इसके बाद बाथरूम पर प्लास्टर और नई टाइल्स लगवा दी गईं, ताकि किसी को शक न हो। इसके बावजूद वह लगातार लोगों से पति के लापता होने की बात कहती रही।
पुलिस को हुआ शक, खुदाई में मिला कंकाल
शुक्रवार को पुलिस एक पुराने मामले के सत्यापन के लिए घर पहुंची। पूछताछ के दौरान रूबी का व्यवहार संदिग्ध लगा। इसी बीच सुरेंद्र के भाई से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने घर की गहन तलाशी ली। बाथरूम की फर्श पर शक होने के बाद खुदाई कराई गई, tb जहां से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ।
किसी और की भूमिका की भी जांच
Agra news: पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव को बाथरूम में दफनाने की पुष्टि हुई है। हालांकि, इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी महिला से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े: दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम, रुक-रुककर बारिश शुरू; तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट








