Home » राष्ट्रीय » सदर बाजार को शिफ्ट करने की कोई योजना नहीं, CM रेखा गुप्ता ने व्यापारियों को दिया भरोसा

सदर बाजार को शिफ्ट करने की कोई योजना नहीं, CM रेखा गुप्ता ने व्यापारियों को दिया भरोसा

Rekha Gupta

Rekha Gupta: दिल्ली के सबसे बड़े और ऐतिहासिक थोक बाजारों में शामिल सदर बाजार को दूसरी जगह स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा और स्पष्ट बयान दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के स्तर पर सदर बाजार को शिफ्ट करने का न तो कोई प्रस्ताव है और न ही ऐसी कोई योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से बाजार के हजारों व्यापारियों और कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है, जो पिछले कुछ समय से बाजार के भविष्य को लेकर असमंजस और चिंता में थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य सदर बाजार को हटाना नहीं, बल्कि उसकी ऐतिहासिक पहचान और व्यापारिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं के साथ उसका विकास करना है।

व्यापारियों की चिंता पर मुख्यमंत्री ने दिया स्पष्ट जवाब

सदर बाजार व्यापार संगठन के वरिष्ठ व्यापारी परमजीत सिंह पम्मा ने बताया कि बाजार के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। बैठक में व्यापारियों ने बाजार को स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं से पैदा हुए भ्रम और चिंता से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसी अफवाहों के कारण हजारों कारोबारी अपने व्यवसाय और भविष्य को लेकर चिंतित थे। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार ने सदर बाजार को शिफ्ट करने संबंधी कोई निर्णय नहीं लिया है और न ही ऐसी किसी प्रक्रिया पर काम चल रहा है।

Rekha Gupta: विकास के लिए व्यापारियों ने रखीं प्रमुख समस्याएं

फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन (FESTA) के अध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने बताया कि बैठक में केवल शिफ्टिंग की अफवाहों पर ही नहीं, बल्कि बाजार की वर्षों पुरानी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। व्यापारियों ने जलभराव, ट्रैफिक जाम, अवैध अतिक्रमण, बिजली व्यवस्था और पुराने बुनियादी ढांचे जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मुख्यमंत्री ने इन मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समाधान की कार्ययोजना तैयार करने का भरोसा दिया।

अंडरग्राउंड वायरिंग और ड्रेनेज सुधार पर सरकार का फोकस

बैठक में बाजार की बिजली व्यवस्था और जलनिकासी को लेकर भी अहम चर्चा हुई। व्यापारियों ने बताया कि खुले बिजली के तार कई बार आग लगने की घटनाओं का कारण बनते हैं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होता है। मुख्यमंत्री ने बिजली की वायरिंग को भूमिगत करने की दिशा में जल्द प्रक्रिया शुरू करने के संकेत दिए। वहीं, मानसून के दौरान होने वाले जलभराव को देखते हुए बाड़ा हिंदूराव से तेलीवाड़ा तक ड्रेनेज सिस्टम का तकनीकी आकलन कराने की बात कही गई, ताकि स्थायी समाधान तैयार किया जा सके।

Rekha Gupta: व्यापारियों से मांगा विकास का विस्तृत ब्लूप्रिंट

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने व्यापारिक संगठनों से सदर बाजार के विकास और सौंदर्यीकरण का विस्तृत ब्लूप्रिंट तैयार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव में जलभराव, ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण हटाने, भूमिगत बिजली व्यवस्था, महिलाओं के लिए शौचालय, साफ-सफाई और पुराने बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण जैसे मुद्दों को प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार व्यापारियों के सुझावों के आधार पर चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य करेगी, ताकि बाजार की व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुए बिना आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार और व्यापारियों के सहयोग से सदर बाजार की ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए उसे अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और आधुनिक बनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें…Amit Shah: दिल्ली को मिली 300 नई इलेक्ट्रिक बसों की सौगात, अमित शाह ने दिखाई हरी झंडी