Amit Shah: राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के बेड़े में शामिल 300 नई जीरो-एमिशन इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें 195 नौ मीटर लंबी ‘देवी’ श्रेणी की इलेक्ट्रिक बसें और 105 अत्याधुनिक 12 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार के कई मंत्री भी मौजूद रहे।
यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक और सुरक्षित सुविधाएं
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नई लो-फ्लोर एसी इलेक्ट्रिक बसों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। प्रत्येक बस में सीसीटीवी कैमरे, पैनिक बटन, रियल-टाइम जीपीएस ट्रैकिंग और पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। दिव्यांगजन-अनुकूल डिजाइन वाली ये बसें पूरी तरह शून्य टेलपाइप उत्सर्जन तकनीक पर आधारित हैं, जिससे प्रदूषण कम होगा और यात्रियों को शांत, सुरक्षित एवं आरामदायक सफर मिलेगा। सरकार का लक्ष्य राजधानी में स्वच्छ और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करना है।
Amit Shah: बस बेड़ा बढ़कर 6,600 के करीब, बने तीन नए डिपो
300 नई इलेक्ट्रिक बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली का कुल बस बेड़ा लगभग 6,600 तक पहुंच गया है। इनमें 4,845 इलेक्ट्रिक और 1,755 सीएनजी बसें शामिल हैं। सरकार ने वर्ष 2028-29 तक 14,000 आधुनिक बसों का बेड़ा तैयार करने का लक्ष्य रखा है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए नरेला सेक्टर ए-1 एवं ए-4, रिठाला और कोहाट एन्क्लेव में अत्याधुनिक डिपो विकसित किए गए हैं। इन डिपो में पार्किंग, रखरखाव, रिपेयर, चार्जिंग और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे बसों का संचालन अधिक प्रभावी होगा।
ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन से बढ़ेगी सड़क सुरक्षा
कार्यक्रम के दौरान नंद नगरी डीटीसी डिपो में चार-लेन ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया। इस केंद्र पर भारी, हल्के और दोपहिया वाहनों की पूरी तरह स्वचालित फिटनेस जांच की जाएगी। यहां हर वर्ष 52 हजार भारी एवं हल्के वाहनों तथा 20 हजार दोपहिया वाहनों की जांच की क्षमता होगी। आधुनिक तकनीक से होने वाली इस प्रक्रिया से पारदर्शिता बढ़ेगी और सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।
Amit Shah: नरेला में बनेगी अत्याधुनिक हाई सिक्योरिटी जेल
अमित शाह ने नरेला में प्रस्तावित हाई सिक्योरिटी जेल का ई-शिलान्यास भी किया। लगभग 250 कैदियों की क्षमता वाली इस जेल में एआई आधारित सीसीटीवी, बायोमेट्रिक एक्सेस कंट्रोल, ऑटोमेटेड लॉकिंग सिस्टम, मोबाइल सिग्नल जैमर, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, फुल बॉडी स्कैनर और आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी अत्याधुनिक सुरक्षा सुविधाएं होंगी। सरकार का कहना है कि यह परियोजना राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के साथ तकनीक आधारित जेल प्रबंधन का नया मानक स्थापित करेगी।
Written by: Rashmi Sharma
यह भी पढे़ : सपा के पूर्व विधायक पर ED की छापेमारी देख बौखलाए अखिलेश यादव बोले- ‘छापा मारना चाहिए लेकिन…’








