Home » उत्तर प्रदेश » गाजियाबाद में दामाद ने की ससुर की हत्या, पत्नी बोली- ‘पापा ने मेरी जान बचाने के लिए अपनी जान दे दी’

गाजियाबाद में दामाद ने की ससुर की हत्या, पत्नी बोली- ‘पापा ने मेरी जान बचाने के लिए अपनी जान दे दी’

पत्नी को बचाने में पिता की हत्या, दामाद फरार

Ghaziabad Murder Case: “मैं यह भी नहीं बता सकती कि मेरे पति ने मेरे साथ कितनी बुरी तरह मारपीट की। मैं सालों तक सब कुछ सहती रही, क्योंकि मुझे उम्मीद थी कि एक दिन वह बदल जाएगा। लेकिन वह शराब पीकर हर बार बेरहमी से मारता था। छह महीने पहले उसने मेरी दोनों पसलियां तोड़ दी थीं। इस बार वह मुझे मारने आया था, लेकिन मेरे पिता मेरे सामने आ गए। उन्होंने मेरी जान बचाने के लिए अपनी जान दे दी।”यह कहते हुए गाजियाबाद के मोदीनगर की रहने वाली मोनिका रो पड़ीं। उनके भाई ने उन्हें संभाला और हिम्मत दी। किसी तरह खुद को संभालने के बाद उन्होंने पूरी घटना बताई।

गुरुवार रात हुआ हमला

गाजियाबाद में गुरुवार रात करीब 10:30 बजे एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) संदीप चौधरी ने अपने ससुर अनार सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी। उसने ससुर के पेट पर पांच बार चाकू से हमला किया। पत्नी मोनिका जब बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके हाथ पर भी चाकू लग गया, जिससे उनका अंगूठा गंभीर रूप से घायल हो गया।

Ghaziabad Murder Case: पत्नी को बचाने में पिता की हत्या, दामाद फरार
पत्नी को बचाने में पिता की हत्या, दामाद फरार
तीन दिन पहले भी की थी मारपीट

मोनिका ने बताया कि घटना से तीन दिन पहले भी संदीप ने शराब के नशे में उन्हें थप्पड़ मारा था। इसके बाद वह अपने मायके आ गई थीं। उनका कहना है कि संदीप उन्हें मारने के इरादे से मायके पहुंचा था।उन्होंने बताया कि उनके पिता ब्लड कैंसर से पीड़ित थे और उनका इलाज चल रहा था। बावजूद इसके उन्होंने बेटी की जान बचाने के लिए बीच में आने की कोशिश की। तभी संदीप ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। मोनिका के अनुसार, उनकी आंखों के सामने उनके पिता के पेट से आंतें बाहर आ गई थीं।

Ghaziabad Murder Case: ‘आज इसे जिंदा नहीं छोड़ूंगा’

मोनिका ने बताया कि 9 जुलाई की रात करीब 10 बजे संदीप शराब के नशे में उनके मायके पहुंचा। वह उन्हें अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा। जब उनके पिता अनार सिंह ने इसका विरोध किया और पुलिस बुलाने की बात कही, तो संदीप ने चाकू निकाल लिया।मोनिका के मुताबिक, उसने कहा, “आज तुझे जिंदा नहीं छोड़ूंगा।”

इसके बाद वह मोनिका की तरफ बढ़ा, लेकिन अनार सिंह बीच में आ गए। संदीप ने उन पर लगातार कई चाकू से वार कर दिए। जब मोनिका ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो उनके हाथ पर भी चाकू मार दिया, जिससे उनका अंगूठा कट गया और आठ टांके लगाने पड़े। आरोप है कि संदीप ने उनकी मां के साथ भी मारपीट की और फिर मौके से फरार हो गया।

शादी के बाद से करता था अत्याचार

मोनिका ने बताया कि शादी के बाद से ही संदीप शराब पीकर उनके साथ मारपीट करता था। बेटे के जन्म के समय भी उसने उन्हें कमरे में बंद कर पीटा था। करीब छह महीने पहले उसने उनकी दोनों पसलियां तोड़ दी थीं।उन्होंने कहा कि उन्हें कई बार लगा कि शायद संदीप का व्यवहार बदल जाएगा, लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ। एक महीने पहले भी उसने उनके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह मायके आ गई थीं। घटना से दो दिन पहले भी संदीप उनके घर के आसपास घूम रहा था और धमकियां दे रहा था।

पिता का इलाज चल रहा था

मोनिका ने बताया कि उनके पिता ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे और उनका इलाज जारी था। पूरा परिवार उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की दुआ कर रहा था, लेकिन उन्हें कभी नहीं लगा था कि उनके पति ही उनके पिता की जान ले लेंगे।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात संदीप अपनी पत्नी को मनाने के लिए ससुराल पहुंचा था। लेकिन मोनिका ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।शोर सुनकर ससुर अनार सिंह बाहर आए और संदीप को डांटते हुए घर से जाने के लिए कहा। इसी दौरान संदीप ने अपनी कमर से चाकू निकाला और अनार सिंह पर लगातार पांच वार कर दिए।परिवार के लोग उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहां शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पत्नी को बचाने में पिता की हत्या, दामाद फरार
पत्नी को बचाने में पिता की हत्या, दामाद फरार
19 साल पहले हुई थी लव मैरिज

पुलिस के मुताबिक, संदीप चौधरी और मोनिका ने करीब 19 साल पहले लव मैरिज की थी। यह घटना मोदीनगर के फफराना रोड इलाके की है।मृतक अनार सिंह (65) मोदी रबर फैक्ट्री के रिटायर्ड कर्मचारी थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है।आरोपी संदीप चौधरी मूल रूप से बुलंदशहर के शिकारपुर का रहने वाला है। फिलहाल वह मोदीनगर के ब्रह्मपुरी इलाके में रहता था।

एक साल से चल रहा था विवाद

मृतक के बेटे दीपांशु चौधरी ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन मोनिका उर्फ मोनू ने संदीप से प्रेम विवाह किया था। पिछले करीब एक साल से दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।उन्होंने आरोप लगाया कि संदीप अक्सर उनकी बहन को परेशान करता था। घटना से तीन दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद मोनिका मायके आ गई थीं। इसी बात से संदीप नाराज था।अनार सिंह की हत्या के मामले में उनके बेटे दीपांशु चौधरी ने मोदीनगर थाने में अपने बहनोई संदीप चौधरी के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।पुलिस ने आरोपी के 18 वर्षीय बड़े बेटे को हिरासत में लिया है।

आरोपी की तलाश जारी

डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि मुख्य आरोपी संदीप चौधरी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने उसकी तलाश में बुलंदशहर समेत कई जगहों पर दबिश दी है।