Indore Water Tragedy: देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल इंदौर की पहचान चमचमाती सड़कों, बेहतर सफाई व्यवस्था और विकास के बड़े-बड़े दावों से होती है। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी के रूप में मशहूर इस शहर की चमक के पीछे दिसंबर 2025 में एक ऐसी त्रासदी सामने आई, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया। भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से कई परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया। नलों से पानी की जगह लोगों के घरों तक बीमारी और मौत पहुंची। इस घटना में कथित तौर पर 36 लोगों की जान गई, जबकि सरकारी आंकड़ों में मृतकों की संख्या 24 बताई गई। इस त्रासदी के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिया। कुछ अधिकारियों को निलंबित किया गया और कुछ को पदों से हटाया गया। लेकिन सवाल यह है कि इतने लोगों की जान जाने के बावजूद क्या वास्तव में किसी जिम्मेदार अधिकारी को सजा मिली? या फिर कुछ समय के लिए कार्रवाई दिखाकर पूरा मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया? हैरानी की बात यह है कि जिन अधिकारियों पर सवाल उठे, उनमें से कई की बहाली हो चुकी है और कुछ को दूसरे महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती भी मिल गई है।
Indore Water Tragedy: गंदे पानी ने मचाया था भागीरथपुरा में कोहराम
दिसंबर 2025 में इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी की आपूर्ति ने गंभीर संकट खड़ा कर दिया था। स्थानीय लोगों ने नलों से आने वाला पानी पिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ने लगे। देखते ही देखते अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी और कई लोगों की मौत हो गई। इस घटना में मृतकों की संख्या को लेकर भी सवाल उठे। जहां कथित तौर पर 36 लोगों की जान जाने की बात सामने आई, वहीं सरकारी आंकड़ों में 24 मौतें दर्ज की गईं। मौतों के आंकड़ों में इस अंतर ने प्रशासनिक जवाबदेही पर भी सवाल खड़े किए। जब भागीरथपुरा में लोगों की जान जा रही थी और जनता सड़कों पर उतरकर जवाब मांग रही थी, तब सरकार ने कार्रवाई करते हुए कुछ अधिकारियों को हटाया और निलंबित किया। उस समय ऐसा लगा कि लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन समय बीतने के साथ कार्रवाई का असर कमजोर पड़ता दिखाई दिया।
Indore Water Tragedy: हटाए गए अधिकारियों की हुई बहाली, कुछ को मिली नई जिम्मेदारी
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाला पहलू अधिकारियों की बहाली और नई नियुक्तियां हैं। दूषित पानी कांड के बाद निलंबित किए गए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव को सरकार ने बहाल कर दिया है। बताया गया है कि उनकी विभागीय जांच इंदौर नगर निगम कमिश्नर कर रहे हैं। वहीं, तत्कालीन नगर निगम कमिश्नर दिलीप यादव को घटना के बाद इंदौर से हटा दिया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें सागर का कलेक्टर बना दिया गया। इसी तरह तत्कालीन अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को भी रायसेन का कलेक्टर नियुक्त किया गया। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि जिस घटना में इतने लोगों की जान गई, उसमें जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर कार्रवाई करने का क्या हुआ? क्या अधिकारियों को हटाना और फिर बहाल कर देना ही प्रशासनिक जवाबदेही है?
जांच आयोग ने भी मानी थी अधिकारियों की लापरवाही
भागीरथपुरा में हुई त्रासदी की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच आयोग का गठन किया गया था। आयोग ने अपनी रिपोर्ट में नगर निगम के अधिकारियों की प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर हुई लापरवाही तथा देरी को इस घटना के लिए जिम्मेदार माना था। रिपोर्ट में सामने आई कमियों के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब जांच आयोग ने अधिकारियों की लापरवाही की ओर इशारा किया, तो अब तक जवाबदेही तय करने और सजा देने की प्रक्रिया कहां तक पहुंची है? आखिर जिन अधिकारियों की जिम्मेदारी शहर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना और उसकी निगरानी करना था, उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई क्यों नहीं दिखाई दे रही है? क्या विभागीय जांच और निलंबन के बाद मामला खत्म मान लिया गया?
पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा नहीं, न्याय जरूरी
भागीरथपुरा के जिन घरों में दूषित पानी की वजह से अपनों की मौत हुई, वहां आज भी उस त्रासदी का दर्द मौजूद है। किसी परिवार ने अपना बेटा खोया, किसी ने पिता तो किसी ने मां या अन्य परिजन को। उनके लिए सरकारी मुआवजा और जांच आयोग की रिपोर्ट से ज्यादा जरूरी यह है कि जिनकी लापरवाही से यह त्रासदी हुई, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाए। इंदौर की पहचान स्वच्छता और विकास से जरूर जुड़ी है, लेकिन भागीरथपुरा की घटना ने इस चमकदार तस्वीर पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब आम लोगों की जिंदगी से जुड़े इतने बड़े मामले में भी जवाबदेही तय नहीं होती, तो व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होना स्वाभाविक है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस देश में आम आदमी की जान की कीमत सिर्फ मुआवजे तक सीमित है और जिम्मेदार अधिकारियों की कुर्सियां हमेशा सुरक्षित रहेंगी?
यह भी पढ़े- परिसीमन के बाद आपके राज्य में कितनी बढ़ जाएंगी लोकसभा सीटें? जानिए पूरा गणित








