Vietnam Boat Accident: वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार सुबह बड़ा नाव हादसा हो गया। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, पर्यटकों को लेकर जा रही एक टूरिस्ट बोट समुद्र में पलट गई। बोट में 32 भारतीय पर्यटक सवार थे, जिनमें ज्यादातर तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे में 15 भारतीयों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
Vietnam Boat Accident: बोट में कुल 36 लोग थे सवार-
स्थानीय मीडिया के अनुसार, हादसे के समय बोट में 32 भारतीय पर्यटकों के अलावा 4 क्रू मेंबर समेत कुल 36 लोग मौजूद थे। यह दुर्घटना शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई। राहत और बचाव दल ने तुरंत अभियान चलाकर कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
Vietnam Boat Accident: ऊंची लहरों को माना जा रहा हादसे की वजह-
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समुद्र में अचानक उठीं ऊंची लहरों के कारण बोट का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में भी समुद्र में तेज लहरें दिखाई दे रही हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कई पर्यटकों ने लाइफ जैकेट नहीं पहन रखी थी, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
न्गोआई द्वीप घूमने जा रहे थे पर्यटक-
बताया जा रहा है कि यह टूरिस्ट बोट भारतीय पर्यटकों को फु क्वोक द्वीप के पास स्थित ‘होन मे रुट’ से न्गोआई द्वीप लेकर जा रही थी। हालांकि, तट से करीब 400 मीटर पहले ही बोट पलट गई। न्गोआई द्वीप अपने साफ समुद्र, खूबसूरत बीच और कोरल रीफ डाइविंग के लिए पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय माना जाता है।
भारतीय दूतावास ने बनाया कंट्रोल रूम-
हादसे के बाद वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया है। दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14 और +84 33 452 0414 जारी किए हैं, ताकि प्रभावित परिवार आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकें।








