Hormuz: खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने हॉर्मुज जलमार्ग को लेकर बड़ा बयान जारी किया है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (यूएस सेंटकॉम) ने कहा है कि हॉर्मुज सभी देशों के कानूनी जहाजों के लिए खुला है और वहां स्वतंत्र नौवहन सुनिश्चित करना अमेरिकी नौसेना की जिम्मेदारी है। अमेरिका ने यह भी दावा किया कि ईरान का अब इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर नियंत्रण नहीं है। यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है।
अमेरिकी सेना ने ईरान को दी सख्त चेतावनी
यूएस सेंट्रल कमांड ने अपने बयान में कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले सभी कानूनी जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अमेरिकी नौसैनिक बल पूरी तरह तैनात हैं। कमांड ने ईरान की हालिया गतिविधियों को “बिना वजह की आक्रामकता, उत्पीड़न और मनमानी घोषणाएं” करार दिया। अमेरिका का कहना है कि हाल के दिनों में ईरान ने विदेशी जहाजों को रोकने और उन्हें परेशान करने की कोशिश की, लेकिन क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी के कारण समुद्री यातायात सामान्य बना हुआ है।
Hormuz: ईरान के दावों पर अमेरिका का जवाब
यूएस सेंट्रल कमांड ने कहा कि ईरानी नौसेना ने हाल ही में दावा किया था कि कोई भी विदेशी जहाज ईरानी सेना की पहचान, निगरानी और ट्रैकिंग के बिना हॉर्मुज से नहीं गुजर सकता। अमेरिका ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि हॉर्मुज में समुद्री सुरक्षा की जिम्मेदारी अमेरिकी नौसेना निभा रही है। अमेरिका का यह भी कहना है कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार हॉर्मुज जलडमरूमध्य किसी एक देश के नियंत्रण में नहीं हो सकता और सभी देशों के जहाजों को यहां से सुरक्षित आवाजाही का अधिकार है।
दुनिया के लिए बेहद अहम है हॉर्मुज जलडमरूमध्य
हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है। इसी रास्ते से प्रतिदिन करोड़ों बैरल कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति दुनिया के विभिन्न देशों तक पहुंचती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस जलमार्ग पर किसी प्रकार की रुकावट आती है तो वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हो सकता है और कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल सकता है। भारत जैसे देशों पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा, क्योंकि देश अपनी ऊर्जा जरूरतों का बड़ा हिस्सा खाड़ी क्षेत्र से आयात करता है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पूरी दुनिया की नजर हॉर्मुज की स्थिति पर टिकी हुई है।








