Accident in Mirzapur: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वाराणसी से सोनभद्र जा रहा नमक से लदा ट्रक टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर एक घर में घुस गया।
तड़के 3 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा अहरौरा थाना क्षेत्र के कुदारन चौराहे के पास रात करीब 3 बजे हुआ। तेज धमाके की आवाज के साथ ट्रक सीधे उस घर में जा घुसा, जहां परिवार के सदस्य सो रहे थे। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
Accident in Mirzapur: तीन की मौत, दो गंभीर घायल
हादसे में 47 वर्षीय राजाराम, 70 वर्षीय सुखिया और 45 वर्षीय चांदतारा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 45 वर्षीय सुनील शर्मा और 12 वर्षीय सुहानी गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
राहत-बचाव में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही अहरौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
टायर फटना बना हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक का टायर अचानक फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
ये भी पढ़े… मेसी का जादू! 85वें मिनट के एक पास ने पलट दिया मैच, इंग्लैंड को हराकर अर्जेंटीना फाइनल में








