Home » बिज़नेस » IRCTC 2.0 लॉन्च: अब सेकेंडों में बुक होगी टिकट, कैप्चा और पॉप-अप का झंझट खत्म

IRCTC 2.0 लॉन्च: अब सेकेंडों में बुक होगी टिकट, कैप्चा और पॉप-अप का झंझट खत्म

अब सेकेंडों में बुक होगी टिकट

IRCTC 2.0 Launch: रेल में सफर करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय रेलवे ने IRCTC की वेबसाइट का नया ‘बीटा वर्जन’ लाइव कर दिया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पहले ही 15 जुलाई तक नई साइट लाने का ऐलान किया था। अभी यह पूरा वर्जन नहीं है, लेकिन यूजर्स मौजूदा IRCTC साइट पर जाकर नए डिजाइन को ट्राई कर सकते हैं और फीडबैक दे सकते हैं।

नई वेबसाइट बनाने का मकसद

नई वेबसाइट बनाने का मकसद कोई नई सर्विस जोड़ना नहीं है। रेल मंत्रालय का कहना है कि फोकस सिर्फ टिकट बुकिंग को तेज और आसान बनाने पर है। पुरानी साइट पर सबसे बड़ी दिक्कत सुबह 10 और 11 बजे तत्काल बुकिंग के समय आती थी। उस वक्त लाखों लोग एक साथ लॉगिन करते थे, साइट स्लो हो जाती थी और पेमेंट भी फेल हो जाता था। साथ ही बार-बार आने वाले कैप्चा, अनचाहे पॉप-अप और चमकते विज्ञापन प्रोसेस को और लंबा कर देते थे। इन्हीं परेशानियों को दूर करने के लिए अपग्रेड किया गया है।

नए बीटा वर्जन में क्या बदला?

नए बीटा वर्जन में सबसे पहले लेआउट को क्लीन रखा गया है। अब स्क्रीन पर बेवजह के विज्ञापन और पॉप-अप नहीं दिखेंगे। मुश्किल कैप्चा को भी हटा दिया गया है, ताकि बुकिंग के समय बर्बाद न हो। दूसरा बड़ा बदलाव यह है कि अब एक ही स्क्रीन पर स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी, सभी क्लास की सीटों की उपलब्धता एक साथ दिख जाएगी। पहले इसके लिए बार-बार पेज बदलना पड़ता था।

बुकिंग प्रोसेस हुआ आसान

प्रोसेस को भी छोटा कर दिया गया है। आप अपनी प्रोफाइल में पैसेंजर की डिटेल पहले से सेव कर सकते हैं। बुकिंग के समय वह डेटा एक क्लिक में भर जाएगा। इससे तत्काल में सेकेंडों का फर्क पड़ता है। इसके अलावा नई साइट को रेलवे के आधुनिक पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम यानी PRS से जोड़ा जा रहा है। इसके जुड़ते ही साइट की स्पीड और स्थिरता और बेहतर हो जाएगी।

फिलहाल बीटा वर्जन पर हो रही है टेस्टिंग

फिलहाल यह बीटा वर्जन है, इसलिए रेलवे ने इसे यूजर फीडबैक के लिए खोला है। IRCTC पर रोजाना करीब 14.5 लाख टिकट बुक होते हैं। इतने बड़े लोड को संभालने के लिए साइट को टेस्ट करना जरूरी था। यूजर्स से मिली शिकायतों और सुझावों के आधार पर ग्लिच ठीक किए जाएंगे और फिर इसे डिफॉल्ट वेबसाइट बना दिया जाएगा।

नई साइट ट्राई करने से पहले क्या करें?

अगर आप अभी नई साइट ट्राई करना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपनी मास्टर लिस्ट और प्रोफाइल अपडेट कर लें। बुकिंग के बाद फीडबैक सेक्शन में जाकर अपना अनुभव जरूर शेयर करें। खासकर तत्काल के समय इसे जरूर टेस्ट करें। रेलवे का दावा है कि नए अपग्रेड के बाद बुकिंग का पूरा अनुभव पहले से काफी तेज और आसान हो जाएगा।

Written by- Mansi Sharma

यह भी पढ़े…ISRO छोड़ जा रहे होनहार वैज्ञानिक, ब्रेन ड्रेन रोकने के लिए सरकार का बड़ा कदम; जानिए पूरा पैटर्न