Home » बिहार » कंधे पर बेटे को बैठाकर उफनती नदी पार करता दिखा पिता, वायरल वीडियो ने खोले विकास के दावों की पोल

कंधे पर बेटे को बैठाकर उफनती नदी पार करता दिखा पिता, वायरल वीडियो ने खोले विकास के दावों की पोल

 Bihar News:

Bihar News: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के रामनगर प्रखंड के सुदूरवर्ती दोन क्षेत्र से सामने आए एक वीडियो ने विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक पिता अपने बेटे को कंधे पर बैठाकर तेज बहाव वाली हरहा नदी पार करता दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोमवार को बनाया गया था, जो गुरुवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

Bihar News: बेटे को कंधे पर बैठाकर पार की उफनती नदी-

वीडियो में गोबरहिया थाना क्षेत्र के ढोकनी दोन गांव निवासी देवराज महतो अपने बेटे शुभम कुमार को कंधे पर बैठाकर हरहा नदी पार करते नजर आ रहे हैं। नदी का बहाव काफी तेज था, लेकिन बेटे की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए पिता ने अपनी जान जोखिम में डालकर नदी पार की। शुभम बेलाटांडी मॉडल आवासीय विद्यालय में तीसरी कक्षा का छात्र है।

Bihar News: पुल नहीं होने से हर साल बढ़ती है परेशानी-

देवराज महतो ने बताया कि उनके गांव से विद्यालय की दूरी करीब सात किलोमीटर है। रास्ते में हरहा नदी पड़ती है, लेकिन आज तक वहां पुल का निर्माण नहीं हो सका। बरसात के मौसम में नदी पार करना ग्रामीणों की मजबूरी बन जाती है और हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है।

दो-दो नदियां पार कर स्कूल पहुंचते हैं बच्चे-

ढोकनी दोन गांव में प्राथमिक विद्यालय तो हैं, लेकिन मध्य और उच्च विद्यालय नहीं हैं। ऐसे में बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए गोबरहिया जाना पड़ता है, जहां पहुंचने के लिए दो नदियां पार करनी पड़ती हैं। बरसात के दिनों में छात्राओं को भी जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है।

बरसात में 22 गांवों का टूट जाता है संपर्क-

लगातार बारिश के कारण गंडक, मसान, हरहा, कोशिल और झिकरी समेत कई नदियां उफान पर हैं। मानसून के दौरान करीब 22 गांव चारों ओर से पानी से घिर जाते हैं। पुल और बेहतर सड़क संपर्क नहीं होने से शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित होती है।

वायरल वीडियो ने उठाए बड़े सवाल-

सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को उजागर कर दिया है। शिक्षा और विकास के दावों के बीच आज भी कई परिवार बच्चों की पढ़ाई के लिए अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं

यह भी पढ़े- मुंबई के ताज होटल को BMC का ₹22 करोड़ का नोटिस! जानिए क्या है पूरा मामला