JAMMU KASHMIR: ‘नशा मुक्ति जम्मू-कश्मीर अभियान’ के तहत श्रीनगर पुलिस ने सोमवार को कुख्यात ड्रग तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य की 10 अचल संपत्तियां जब्त कर लीं। यह कार्रवाई नौहट्टा क्षेत्र में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के प्रावधानों के तहत की गई।
10 मकानों पर चला सीज का शिकंजा
पुलिस ने सज्जाद अहमद शेख, हाजरा बेगम, जहूर अहमद शेख उर्फ गुल्लू, फहमीदा उर्फ फंबा, अब्दुल अहद शेख, गुलाम नबी शेख, अल्ताफ अहमद शेख, हैदर अली वानी, शकील अहमद शेख और मंजूर अहमद शेख के मकानों को सीज किया। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 8 करोड़ रुपये बताई गई है।
JAMMU KASHMIR: ड्रग तस्करी की कमाई से बनाई गई थीं संपत्तियां
श्रीनगर पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से इन संपत्तियों का निर्माण और खरीद की थी। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य ड्रग नेटवर्क की आर्थिक रीढ़ तोड़ना और अपराधियों को अवैध कमाई से वंचित करना है।
जनता से सहयोग की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को नजदीकी पुलिस थाने या समर्पित हेल्पलाइन पर साझा करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
ये भी पढ़े… बाराबंकी से सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, बोले- सनातन सुरक्षित रहेगा तो देश सुरक्षित रहेगा








