Home » राष्ट्रीय » विधानसभा में ₹19,215 करोड़ का बजट पेश, 2047 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य

विधानसभा में ₹19,215 करोड़ का बजट पेश, 2047 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य

 Sikkim Budget 2026:

Sikkim Budget 2026: सिक्किम विधानसभा का चार दिवसीय बजट सत्र सोमवार को राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। पहले दिन मुख्यमंत्री एवं वित्त विभाग के प्रभारी मंत्री प्रेम सिंह तामांग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹19,215 करोड़ का आम बजट पेश किया। इसके साथ ही सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा और उच्च शिक्षा से जुड़े तीन महत्वपूर्ण विधेयक भी सदन में पेश किए, जिन पर मंगलवार और बुधवार को चर्चा होगी।

Sikkim Budget 2026: ₹19,215 करोड़ के बजट का प्रावधान-

सरकार ने बजट में कुल ₹19,215 करोड़ के सकल व्यय का प्रावधान किया है। ₹760 करोड़ की वसूली समायोजित करने के बाद शुद्ध व्यय ₹18,455 करोड़ रहेगा। बजट में कर राजस्व, गैर-कर राजस्व, केंद्र के करों में हिस्सेदारी, केंद्रीय अनुदान, उधारी और विशेष सहायता योजना के तहत मिलने वाली राशि का भी विस्तृत प्रावधान किया गया है।

Sikkim Budget 2026: वित्तीय अनुशासन और जनकल्याण पर जोर-

बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने कहा कि यह बजट वित्तीय अनुशासन, सतत विकास और जनकल्याण को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना, समावेशी विकास को बढ़ावा देना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को प्राथमिकता-

बजट में ₹11,733 करोड़ राजस्व व्यय, ₹5,896 करोड़ पूंजीगत व्यय और ₹826 करोड़ ऋण एवं अग्रिम के लिए निर्धारित किए गए हैं। वहीं केंद्र प्रायोजित योजनाओं के लिए ₹2,460 करोड़ आवंटित किए गए हैं। सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, रोजगार, कृषि, ग्रामीण विकास और पर्यावरण संरक्षण को अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है। इस बार शिक्षा क्षेत्र के लिए कुल बजट का 15 प्रतिशत आवंटित किया गया है।

2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर सिक्किम का लक्ष्य-

राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने अपने अभिभाषण में कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक सिक्किम को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में राज्य का सकल घरेलू उत्पाद (GSDP) ₹62,973 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है, जो वर्ष 2018-19 की तुलना में 121 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है

यह भी पढ़े- ASI संरक्षित कल्लेश्वर मंदिर के खुले कुएं में गिरने से 9 वर्षीय बच्चे की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल