Local Toll Pass: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए दो नई डिजिटल सेवाएं शुरू की हैं। अब किसी भी टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग राजमार्ग यात्रा (Rajmarg Yatra) ऐप के जरिए घर बैठे लोकल टोल पास बनवा सकेंगे। इसके साथ ही यात्रियों की सहायता के लिए मार्गमित्र हेल्प सेंटर भी लॉन्च किया गया है।
Local Toll Pass: घर बैठे बन सकेगा लोकल टोल पास-
नई सुविधा के तहत पात्र स्थानीय निवासी Rajmarg Yatra ऐप से ऑनलाइन लोकल टोल पास खरीद सकेंगे। इस पास के जरिए संबंधित टोल प्लाजा से पूरे महीने असीमित बार आवाजाही की जा सकेगी। पहले लोकल पास बनवाने के लिए लोगों को टोल प्लाजा जाकर आवेदन करना पड़ता था और जरूरी दस्तावेज जमा करने होते थे।
Local Toll Pass: समय बचेगा, प्रक्रिया होगी आसान-
डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद पूरी आवेदन प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन पूरी हो जाएगी। इससे लोगों का समय बचेगा और टोल प्लाजा पर जाकर आवेदन करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
फिलहाल यहां शुरू हुई सुविधा-
NHAI के अनुसार, डिजिटल लोकल टोल पास की सुविधा फिलहाल दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से शुरू की गई है। आने वाले महीनों में इसे देशभर के अन्य पात्र टोल प्लाजाओं तक विस्तारित किया जाएगा।
कैसे करेगा काम-
नई व्यवस्था में डिजिलॉकर और वाहन (VAHAN) जैसे सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म का इंटीग्रेशन किया गया है। इससे आवेदक का पता, वाहन नंबर और फास्टैग से जुड़ी जानकारी स्वतः सत्यापित हो जाती है। इसके अलावा GIS (भौगोलिक सूचना प्रणाली) आधारित सत्यापन के जरिए यह सुनिश्चित किया जाता है कि आवेदक संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहता है। इससे दस्तावेजों की मैनुअल जांच की जरूरत खत्म हो जाती है और प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनती है।
मार्गमित्र हेल्प सेंटर भी हुआ लॉन्च-
यात्रियों की सुविधा के लिए NHAI ने मार्गमित्र हेल्प सेंटर भी लॉन्च किया है, जिसे Rajmarg Yatra ऐप में शामिल किया गया है। यह एक इंटेलिजेंट डिजिटल सहायता प्लेटफॉर्म है, जहां यात्री जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, शिकायत दर्ज करा सकते हैं और विभिन्न सेवाओं से जुड़ी मदद ले सकते हैं।
22 भाषाओं में मिलेगी सहायता-
मार्गमित्र की मदद से यात्री अपनी समस्या या सवाल भारत की 22 आधिकारिक भाषाओं में टाइप या बोलकर पूछ सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म FASTag रिचार्ज, KYC, रिफंड स्टेटस, वार्षिक पास और लोकल पास जैसी सेवाओं से जुड़ी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराता है।
सड़क सुरक्षा से जुड़ी शिकायत भी कर सकेंगे-
मार्गमित्र के जरिए यात्री FASTag ब्लैकलिस्ट स्टेटस की जांच, लंबित ई-नोटिस देख सकते हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर खराब वाहन, अतिक्रमण और सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य मामलों की रिपोर्ट भी कर सकते हैं। शिकायत की प्रगति रियल टाइम में देखी जा सकेगी और समाधान से असंतुष्ट होने पर अपील भी की जा सकेगी।
यह भी पढ़े- यूपी पुलिस में 81 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती, जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन








