Home » राष्ट्रीय » संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प, लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल

संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस में झड़प, लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल

Jantar Mantar Protest:

Jantar Mantar Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद तक निकाले गए मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच कई घंटों तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों ने कई बैरिकेड्स तोड़ते हुए संसद मार्ग की ओर बढ़ने की कोशिश की। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागकर भीड़ को तितर-बितर किया।

Jantar Mantar Protest: सुबह से जंतर-मंतर पर जुटने लगी भीड़-

सुबह से ही मेट्रो, बस और निजी वाहनों के जरिए बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पहुंचने लगे। सुबह सात बजे तक आंदोलन स्थल लोगों से भर गया। प्रदर्शन में हर उम्र और वर्ग के लोग शामिल हुए, हालांकि युवाओं की संख्या सबसे अधिक रही। पुलिस लगातार घोषणा करती रही कि संसद मार्च की अनुमति नहीं है, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने पर अड़े रहे।

Jantar Mantar Protest: बैरिकेड्स तोड़कर संसद मार्ग की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी-

करीब साढ़े आठ बजे प्रदर्शनकारियों ने टॉलस्टॉय रोड पर लगे पहले बैरिकेड्स को तोड़ दिया और संसद मार्ग की ओर बढ़ गए। इसके बाद दूसरे बैरिकेड्स पर भी भारी दबाव बना और कुछ ही देर में वह भी गिर गया। प्रदर्शनकारी संसद मार्ग थाने के पास तक पहुंच गए।

वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति को पहुंचा नुकसान-

प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने एक ईको वैन और सार्वजनिक शौचालय के बाहर लगी लाइटों को नुकसान पहुंचाया। कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस के वज्र वाहन पर भी चढ़ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिशें भी की गईं, लेकिन भीड़ पीछे हटने को तैयार नहीं हुई।

कई नेताओं ने भी पहुंचकर की बातचीत की कोशिश-

घटनास्थल पर कई राजनीतिक दलों के नेता भी पहुंचे। कुछ नेताओं ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की, जबकि कुछ नेताओं को पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया।

जीवन विहार बिल्डिंग में घुसे प्रदर्शनकारी-

प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग जीवन विहार बिल्डिंग में घुस गए और प्रवेश द्वार के शीशों को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा जंतर-मंतर की ओर जाने वाले मार्ग पर लगाए गए बैरिकेड्स हटाने की भी कोशिश की गई। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और झड़प चलती रही।

लाठीचार्ज और पत्थरबाजी के बाद बढ़ा तनाव-

जब प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्ग थाने के सामने लगे बैरिकेड्स भी तोड़ दिए तो पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई प्रदर्शनकारी घायल हुए और कई लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं, कुछ स्थानों पर पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

दोपहर में फिर उग्र हुई भीड़-

करीब दो बजे प्रदर्शनकारी फिर से उग्र हो गए और आगे बढ़ने की कोशिश की। अशोक रोड और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारी संसद भवन के काफी करीब पहुंच गए, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।

आंसू गैस छोड़कर भीड़ को किया गया तितर-बितर-

स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने दोपहर करीब ढाई बजे आंसू गैस के गोले दागे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने गोले वापस पुलिस की ओर फेंकने की कोशिश की, लेकिन लगातार कार्रवाई के बाद भीड़ धीरे-धीरे तितर-बितर हो गई।

इंटरनेट सेवाएं भी रहीं प्रभावित-

पूरे प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने जैमर लगाए थे। इसके चलते करीब दो किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाएं प्रभावित रहीं। नेटवर्क बाधित होने से लोगों को एक-दूसरे से संपर्क करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा

यह भी पढ़े- NHAI ने शुरू की दो नई डिजिटल सेवाएं, 20 किमी दायरे के लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा