Home » मध्य प्रदेश » राजगढ़ में ‘SDM’ लिखी तेज रफ्तार बोलेरो ने किसान को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत; चालक वाहन समेत फरार

राजगढ़ में ‘SDM’ लिखी तेज रफ्तार बोलेरो ने किसान को कुचला, मौके पर दर्दनाक मौत; चालक वाहन समेत फरार

राजगढ़ हाईवे पर किसान की दर्दनाक मौत

Rajgarh Accident: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राजगढ़-ब्यावरा हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। ‘SDM’ लिखा हुआ एक बोलेरो वाहन एक किसान को कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना गंभीर था कि किसान की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।कोतवाली पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बांसखेड़ी गांव के रहने वाले 28 वर्षीय किसान मांगीलाल तंवर के रूप में हुई है। हादसे के बाद उनकी बाइक सड़क पर काफी दूर जाकर मिली। शव की हालत बेहद खराब थी और सड़क पर जगह-जगह खून फैला हुआ था। हादसे में उनकी हड्डियां भी बुरी तरह टूट गई थीं।

कीटनाशक दवा खरीदकर लौट रहे थे घर

परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह मांगीलाल अपनी मक्का की फसल के लिए कीटनाशक दवा खरीदने बाइक से ब्यावरा गए थे। दोपहर करीब 12 बजे वह वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान राजगढ़-ब्यावरा मार्ग पर लक्ष्मणपुरा जोड़ के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

Rajgarh Accident: राजगढ़ हाईवे पर किसान की दर्दनाक मौत
राजगढ़ हाईवे पर किसान की दर्दनाक मौत
टक्कर के बाद शरीर के ऊपर से गुजरी बोलेरो

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद बोलेरो किसान को कुचलते हुए निकल गई। वाहन का पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बिना रुके वाहन लेकर फरार हो गया। कुछ समय तक शव सड़क पर ही पड़ा रहा।

परिजनों का दावा- वाहन पर लिखा था ‘SDM’

मृतक के साले ने बताया कि जिस बोलेरो ने टक्कर मारी, उसके आगे ‘SDM’ लिखा हुआ था। इसके बाद वह ब्यावरा टोल प्लाजा पहुंचे और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में एक ऐसी बोलेरो दिखाई दी, जिसके आगे ‘SDM’ लिखा नजर आ रहा है। परिजनों ने उस वाहन की तस्वीर भी निकलवाई है।परिजनों के मुताबिक, मांगीलाल तंवर परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी 7 साल की है, जबकि छोटी बेटी की उम्र सिर्फ ढाई महीने है। इस हादसे के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोतवाली पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।पुलिस को घटनास्थल से बोलेरो की टूटी हुई हेडलाइट और नंबर प्लेट का एक हिस्सा भी मिला है। अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की तलाश कर रही है।

एसडीएम ने क्या कहा

राजगढ़ एसडीएम जय सोलंकी ने बताया कि जब वह नर्मदापुरम में पदस्थ थे, तब यह गाड़ी उनके कार्यालय से अटैच थी। उनका कहना है कि राजगढ़ तबादला होने के बाद यह वाहन अब उनके पास नहीं है और वह यह जानकारी जुटा रहे हैं कि फिलहाल गाड़ी किस विभाग या अधिकारी के पास है। हालांकि, कुछ लोगों का दावा है कि यह बोलेरो अभी भी जय सोलंकी के पास ही है।

यह भी पढ़े- घंटों एक्सरसाइज के बाद भी नहीं दिख रहा असर? डॉक्टर ने बताईं 5 बड़ी वजहें