NEET Paper Leak: दिल्ली में आज एनडीए (NDA) संसदीय दल की बैठक आयोजित की गई, जिसे ‘मंगल मिलन’ नाम दिया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कई अहम मुद्दों पर चर्चा की। इनमें सबसे प्रमुख विषय NEET परीक्षा पेपर लीक रहा। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार इस मामले में छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
री-एग्जाम को दी गई प्राथमिकता
किरेन रिजिजू ने बताया कि प्रधानमंत्री ने कहा, जैसे ही NEET पेपर लीक की जानकारी सामने आई, सरकार ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए NEET की दोबारा परीक्षा को प्राथमिकता दी गई। री-एग्जाम सफलतापूर्वक कराया गया और उसके नतीजे भी बिना किसी देरी के घोषित कर दिए गए।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
रिजिजू के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने कड़े कदम उठाए हैं। पेपर लीक रैकेट में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के शीर्ष वकीलों की मदद लेकर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए, ताकि ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ एक सख्त उदाहरण पेश किया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
पेपर लीक पूरे देश की समस्या
प्रधानमंत्री ने बैठक में यह भी कहा कि पेपर लीक किसी एक राज्य या सिर्फ केंद्र सरकार का मुद्दा नहीं है। जहां-जहां इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, वहां शामिल लोगों के खिलाफ सभी सरकारों को मिलकर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह दलगत राजनीति का विषय नहीं, बल्कि पूरे देश और युवाओं के भविष्य से जुड़ा मामला है। इसलिए दोषियों को सजा दिलाने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए।
FTA पर किसानों के हित सबसे पहले
बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के महीनों में देश की उपलब्धियों और विभिन्न देशों के साथ हुए FTA (मुक्त व्यापार समझौते) का भी जिक्र किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी मुक्त व्यापार समझौते में किसानों के हितों को सबसे ज्यादा महत्व दिया जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इन समझौतों से किसानों को किसी तरह का नुकसान न हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर FTA का उद्देश्य किसानों के कल्याण और देश के सर्वोत्तम हितों की रक्षा करना है।
यह भी पढ़े…खंडवा के आसरा माता मंदिर का 1000 साल पुराना चमत्कार, 5 मंगलवार की पूजा से भर जाती है सूनी गोद







