CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को हुए CJP संसद मार्च के दौरान घायल हुईं रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत इन दिनों चर्चा में हैं। प्रदर्शन के दौरान एक युवती को बचाने की कोशिश में उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से साझा की गई एक स्टोरी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया।
प्रदर्शन के दौरान कैसे हुईं घायल
सोनिया सहरावत के अनुसार, संसद मार्च के दौरान भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की और सुरक्षाबलों पर जूते, चप्पल व बोतलें फेंकीं। इसी अफरातफरी में एक प्रदर्शनकारी युवती गिर गई, जिसे बचाने के प्रयास में वह खुद घायल हो गईं और उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। उन्होंने बताया कि RAF ने लगातार प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन हालात बिगड़ते चले गए।
CJP Protest: कौन हैं सोनिया सहरावत?
सोनिया सहरावत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में असिस्टेंट कमांडेंट हैं और RAF में तैनात हैं। हरियाणा के एक साधारण परिवार से आने वाली सोनिया ने UPSC की CAPF (Assistant Commandant) परीक्षा पास कर यह मुकाम हासिल किया। NCC से जुड़ने के बाद उनका रुझान सुरक्षा सेवाओं की ओर बढ़ा। प्रशिक्षण के दौरान गंभीर चोट लगने और 52 टांके आने के बावजूद उन्होंने ट्रेनिंग पूरी की। वह जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी सेवाएं दे चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर भी बड़ी पहचान
पुलिस सेवा के साथ-साथ सोनिया सहरावत सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 6 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं, जहां वह फिटनेस, डांस, ट्रेंडिंग रील्स और वर्दी में अपने पेशेवर जीवन से जुड़ी झलकियां साझा करती हैं।
CJP Protest: इंस्टाग्राम स्टोरी से बढ़ा विवाद
घटना के दो दिन बाद उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक स्टोरी साझा की गई, जिसमें कथित तौर पर एक मरे हुए कॉकरोच की तस्वीर के साथ लिखा था, “खुद को ठीक कर नहीं सकते और देश को ठीक करने चले हैं।” इस पोस्ट को लेकर CJP ने आपत्ति जताई और प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हम कॉकरोच हैं और कॉकरोच कभी नहीं मरते।” बाद में यह स्टोरी हटा दी गई। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, इस पोस्ट को लेकर विभागीय स्तर पर भी मामले की समीक्षा की जा रही है।
जांच जारी
दिल्ली पुलिस के अनुसार, संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा में 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए। मामले में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं और वीडियो फुटेज के आधार पर जांच जारी है।
RAF Assistant Commandant Sonia Sehrawat’s Insta Story 👇🏻 pic.twitter.com/9bMZrtjDfY
— Krisha 🌸 (@KrishaAsiagh) July 22, 2026
ये भी पढ़े… पेपर लीक पर PM मोदी का बड़ा ऐक्शन! बोले- फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाएंगे, किसी को नहीं छोड़ेंगे







