Home » राष्ट्रीय » दतिया उपचुनाव में भाजपा के विजय अभियान को देंगे नई गति, 24 जुलाई को दतिया पहुंचेंगे सिंधिया

दतिया उपचुनाव में भाजपा के विजय अभियान को देंगे नई गति, 24 जुलाई को दतिया पहुंचेंगे सिंधिया

DATIA BY ELECTION: सिंधिया दतिया चुनाव मवं भरेंगे हुंकार

DATIA BY ELECTION: दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 24 जुलाई को मध्य प्रदेश के ग्वालियर और दतिया जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। अपने दौरे के दौरान सिंधिया मां पीताम्बरा पीठ में मां बगलामुखी के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में जनसंपर्क अभियान और विशाल जनसभा में शामिल होकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाएंगे।

मां पीताम्बरा पीठ में करेंगे दर्शन-पूजन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ज्योतिरादित्य सिंधिया सुबह 9:20 बजे नई दिल्ली से रवाना होंगे और करीब 10:50 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग के जरिए दतिया के लिए रवाना होंगे। दोपहर करीब 1 बजे वे मां पीताम्बरा पीठ पहुंचकर मां बगलामुखी के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे।

DATIA BY ELECTION: बड़ौनी में जनसभा को करेंगे संबोधित

दर्शन-पूजन के बाद सिंधिया दोपहर 2:15 बजे दतिया के बड़ौनी पहुंचेंगे। यहां वे जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लेने के साथ विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में जनता से समर्थन और मतदान की अपील करेंगे। भाजपा को उम्मीद है कि सिंधिया के दौरे से पार्टी के चुनावी अभियान को और मजबूती मिलेगी।

भाजपा ने पहले ही रवाना किए प्रचार रथ

इससे पहले भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए प्रचार रथ भी रवाना किए हैं। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने मंगलवार को दतिया स्थित पार्टी के चुनाव कार्यालय से प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन रथों के जरिए भाजपा सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का संदेश मंडलों से लेकर गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

DATIA BY ELECTION: कार्यकर्ताओं से भाजपा के पक्ष में जुटने की अपील

डॉ. महेंद्र सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां प्रभावी ढंग से रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई पहचान बना रहा है, जबकि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने डबल इंजन सरकार के जरिए विकसित भारत और विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प को तेजी से पूरा करने का दावा किया।