Commonwealth Games: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में झंडू कुमार ने भारत को पहला मेडल दिलाया। पैरा पावरलिफ्टर ने पुरुषों के हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। झंडू को देश के लिए पहला मेडल जीतने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है।
पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि झंडू कुमार का शानदार प्रदर्शन। उन्होंने पुरुषों के हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए मेडल का खाता खोला है। झंडू को बधाई। उनकी यह उपलब्धि उनकी जबरदस्त ताकत, अटूट संकल्प और बरसों की अनुशासित मेहनत का बेहतरीन उदाहरण है। हर चुनौती का सामना करते हुए और इंटरनेशनल मंच पर शानदार प्रदर्शन करके उन्होंने पूरे देश का मान बढ़ाया है और अनगिनत भारतीयों को प्रेरित किया है। खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी झंडू को ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई दी।
A spectacular performance by Jhandu Kumar, who has opened India’s medal tally at the #CWG2026 by winning a Bronze in the Men’s Heavyweight Para Powerlifting event! Congratulations to him. His achievement is a powerful reflection of immense strength, unwavering determination and… pic.twitter.com/kMdkU6RRAF
— Narendra Modi (@narendramodi) July 25, 2026
पूरे देश को गर्व
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि भारत के लिए ब्रॉन्ज। झंडू कुमार ने पुरुषों के हेवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग में 190 किलोग्राम का जबरदस्त लिफ्ट करके भारत के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पहला मेडल जीता। पूरे देश को उन पर गर्व है। हालांकि, झंडू का ब्रॉन्ज मेडल जीतने तक का सफर बिल्कुल भी आसान नहीं रहा। उनकी घर की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी। एक समय पर उन्हें ई-रिक्शा चलाकर और सब्जी बेचकर घर का गुजारा करना पड़ा था। झंडू ने ‘आईएएनएस’ के साथ खास बातचीत में बताया कि मैंने अपना गुजारा करने के लिए ई-रिक्शा चलाया, सब्जियां बेचीं और बहुत संघर्ष किया। हालांकि मैंने अपने सपने को कभी नहीं छोड़ा। मुझे हमेशा विश्वास था कि एक दिन मैं अपने देश के लिए जरूर मेडल जीतूंगा।
झंडू ने कहा कि यह मेडल सिर्फ उनका नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों का भी है जिन्होंने मुश्किल समय में उन पर भरोसा बनाए रखा। झंडू के अनुसार, यह सफलता उन्हें भविष्य में भारत के लिए बड़े मंचों पर और सफलता पाने के लिए प्रेरित करेगी। संयुक्त स्टैंडिंग में नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने गोल्ड तो इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।








