Paper Leak Bill 2026: पेपर लीक रोकने से जुड़े ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026’ को लेकर सोमवार को लोकसभा में जोरदार हंगामा हुआ। विपक्ष की लगातार नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही बाधित रही और स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
Paper Leak Bill 2026: स्पीकर बोले- बहस का समय 6 घंटे तक बढ़ा सकते हैं-
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विपक्ष से नारेबाजी छोड़कर चर्चा में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो विधेयक पर चर्चा का समय छह घंटे या उससे अधिक भी बढ़ाया जा सकता है, ताकि सभी दल अपनी बात रख सकें और देश के छात्रों तक स्पष्ट संदेश पहुंचे।
Paper Leak Bill 2026: विपक्ष के हंगामे से चर्चा शुरू नहीं हो सकी-
सरकार की ओर से पेपर लीक विरोधी विधेयक पेश किए जाने के बाद विपक्षी सांसदों ने विरोध जारी रखा। लगातार व्यवधान के कारण सदन में विधेयक पर चर्चा शुरू नहीं हो सकी और यह दिन का तीसरा स्थगन रहा।
किरण रिजिजू ने विपक्ष पर उठाए सवाल-
संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि कई सांसदों ने इस विधेयक पर संशोधन नोटिस दिए हैं और सरकार विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने सवाल किया कि जब चर्चा के लिए पर्याप्त समय दिया जा रहा है, तो विपक्ष बहस रोकने के लिए नारेबाजी क्यों कर रहा है।
‘देश के छात्र सदन की कार्यवाही देख रहे हैं’-
रिजिजू ने कहा कि पूरे देश के छात्र संसद की कार्यवाही पर नजर रखे हुए हैं। ऐसे में विधेयक पर चर्चा में देरी से गलत संदेश जाएगा। उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार बहस के लिए हर समय देने को तैयार है।
आम सहमति बनाने की अपील-
कार्यवाही स्थगित करने से पहले स्पीकर ओम बिरला ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से आपसी चर्चा कर आम सहमति बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार और विपक्ष शाम 5 बजे तक सहमति बनाएं ताकि पेपर लीक विरोधी विधेयक पर सार्थक चर्चा शुरू हो सके।
यह भी पढ़े- E-20 के खिलाफ आंदोलन के ऐलान के बीच जानिए, अन्ना आंदोलन से कैसे दिल्ली की सत्ता तक पहुंचे अरविंद केजरीवाल








