Hyderabad Minor Accident: हैदराबाद के बोराबंडा इलाके से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, हैदराबाद के बोराबंडा इलाके में रविवार को एक 17 वर्षीय नाबालिग ने एक के बाद एक कुल सात गाड़ियों को टक्कर मार दी। इसके बाद वह कार समेत एक बाइक से टकरा गया। सूत्रों के अनुसार, इस घटना में एक व्यक्ति की दुर्घटना में मौत हो गई।
Hyderabad Minor Accident: कैमरे में कैद हुआ यह दुर्घटना का दृश्य-
यह घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि 17 वर्षीय नाबालिग कार लेकर सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों में एक-एक कर घुस गया। इसके बाद सामने से आ रही एक बाइक से उसकी कार टकरा गई। बाइक पर सवार दो व्यक्ति सड़क पर गिर गए।
Hyderabad Minor Accident: कार के नीचे फंसा शख्स, एक की गई जान-
हादसे के दौरान एक बाइक सवार किसी तरह कार के सामने से हट गया, लेकिन उसे गंभीर चोटें आईं। वहीं दूसरा व्यक्ति कार की चपेट में आ गया। नाबालिग ने कार उसके ऊपर चढ़ा दी, जिससे वह वाहन के नीचे फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
लोगों ने उठाई कार, घायलों को पहुंचाया अस्पताल-
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कार उठाकर नीचे फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला। घायल राजकुमार (60) और प्रभाकर (55) को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान प्रभाकर की मौत हो गई। दोनों चर्च जाने के लिए निकले थे।
भागते नाबालिग को लोगों ने दबोचा-
हादसे के तुरंत बाद नाबालिग मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी।
कार में मिली चाबी, फिर निकला सड़क पर-
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग सफाई का काम कर रहा था। इसी दौरान उसे कार के अंदर चाबी मिली, जिसके बाद वह बिना अनुमति कार लेकर सड़क पर निकल गया। मधुरानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े- पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में ब्लास्ट, पुलिस समेत 14 लोगों की मौत








