Gold Price Today: दुनियाभर में जारी अनिश्चितताओं के बीच सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में सोने की मांग बढ़ गई है। इसी वजह से गुरुवार के कारोबारी सत्र में सोने की कीमतें पिछले 7 हफ्तों के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गईं।हालांकि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीद से पश्चिम एशिया में तनाव कम होने के संकेत मिले हैं, लेकिन अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में आई गिरावट ने सोने की कीमतों को मजबूती दी है।
एमसीएक्स पर सोने में तेजी
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर डिलीवरी वाले सोने के वायदा भाव में तेजी देखने को मिली। सोना 536 रुपए यानी 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,49,029 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला।कारोबार के दौरान सोने ने 1,49,700 रुपए प्रति 10 ग्राम का इंट्राडे हाई बनाया। यह पिछले बंद भाव से 1,207 रुपए यानी 0.81 प्रतिशत की बढ़त को दर्शाता है।
चांदी में भी दिखी खरीदारी
सोने के साथ-साथ चांदी में भी शुरुआती कारोबार में खरीदारी का रुझान देखने को मिला। सितंबर डिलीवरी वाली चांदी वायदा कीमत 2,28,397 रुपए प्रति किलोग्राम के इंट्राडे हाई तक पहुंच गई।यह पिछले बंद भाव 2,27,584 रुपए की तुलना में 813 रुपए यानी 0.35 प्रतिशत अधिक था। हालांकि बाद में निवेशकों ने कुछ मुनाफावसूली की, जिसके बाद चांदी 583 रुपए यानी 0.26 प्रतिशत गिरकर 2,27,001 रुपए प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती नजर आई।
वैश्विक बाजारों में भी सोने और चांदी दोनों की कीमतों में मजबूती देखने को मिली। कॉमेक्स पर सोने की कीमत 0.36 प्रतिशत बढ़कर 4,320 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।वहीं, चांदी 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 62.36 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती रही।
पश्चिम एशिया की स्थिति और ट्रंप के बयान का असर
सोने में यह तेजी ऐसे समय देखने को मिली है, जब रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोला जा सकता है।इसके अलावा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी संकेत दिए हैं कि वॉशिंगटन ईरान के साथ किसी समझौते तक पहुंचने की कोशिश कर रहा है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर पश्चिम एशिया में तनाव कम होता है तो कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आ सकती है। इससे महंगाई को लेकर चिंता कम होगी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव भी घट सकता है।इसी वजह से अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में गिरावट आई है, जिसका फायदा सोने की कीमतों को मिला है।
सोने के लिए अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस स्तर
तकनीकी विश्लेषकों के अनुसार, एमसीएक्स गोल्ड के लिए 1,50,000 रुपए से 1,50,700 रुपए का स्तर नजदीकी रेजिस्टेंस यानी बाधा बना हुआ है।अगर सोना इस स्तर को पार कर लेता है तो अगला लक्ष्य 1,52,200 रुपए से 1,52,800 रुपए के बीच हो सकता है।वहीं, सोने के लिए 1,48,600 रुपए से 1,48,000 रुपए का स्तर तत्काल सपोर्ट माना जा रहा है। अगर कीमतें इससे नीचे जाती हैं तो अगला सपोर्ट 1,46,600 रुपए से 1,46,000 रुपए के बीच देखा जा सकता है।
तकनीकी संकेत दे रहे तेजी के संकेत
विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने की कीमतें 20, 50, 100 और 200 दिनों की प्रमुख एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज (EMA) से ऊपर निकल चुकी हैं। यह बाजार में मजबूत तेजी का संकेत माना जा रहा है।विश्लेषकों का कहना है कि अगर सोना 1,49,000 रुपए के ऊपर बना रहता है तो यह जल्द ही 1,50,000 रुपए के स्तर को पार कर सकता है। हालांकि, यदि कीमतें 1,49,000 रुपए से नीचे आती हैं तो हालिया तेजी के बाद मुनाफावसूली शुरू हो सकती है।
चांदी के लिए आगे के संकेत
चांदी को लेकर विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह 2,29,000 रुपए के ऊपर मजबूती से टिकती है तो कीमतें 2,31,500 रुपए से 2,32,500 रुपए के अगले रेजिस्टेंस क्षेत्र तक पहुंच सकती हैं।चांदी के लिए 2,25,000 रुपए से 2,24,000 रुपए का स्तर प्रमुख सपोर्ट माना जा रहा है।
पहले यह स्तर रेजिस्टेंस का काम कर रहा था। इसके नीचे जाने पर अगला सपोर्ट 2,22,000 रुपए से 2,21,000 रुपए के बीच हो सकता है।
चांदी में भी तकनीकी मजबूती बरकरार
तकनीकी संकेतकों के अनुसार, चांदी फिलहाल 20-EMA और 200-EMA के ऊपर बनी हुई है। इसका रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स (RSI) 54 पर है और धीरे-धीरे ऊपर की ओर बढ़ रहा है।यह बाजार में सुधारते रुख का संकेत देता है। हालांकि, मजबूत तेजी की पुष्टि के लिए चांदी का 50-EMA के ऊपर निर्णायक बंद होना जरूरी होगा।
इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत गिरकर 80 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया।वहीं, अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड करीब 1 प्रतिशत की गिरावट के साथ 75 डॉलर प्रति बैरल से नीचे कारोबार करता नजर आया।
यह भी पढ़े- माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की मौत, हाईवे पर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार








