Amrit Udyan: राष्ट्रपति भवन का प्रसिद्ध अमृत उद्यान एक बार फिर आम जनता के लिए खुलने जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को ‘अमृत उद्यान समर एनुअल्स एडिशन 2026’ का उद्घाटन किया। गर्मियों के फूलों के इस विशेष संस्करण के तहत उद्यान 16 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक लोगों के लिए खुला रहेगा। उद्यान में प्रवेश निशुल्क होगा, लेकिन विजिटर्स को पहले से ऑनलाइन एंट्री स्लॉट बुक करना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने आगंतुकों की सुविधा के लिए सुरक्षा, परिवहन और बुनियादी सुविधाओं के भी इंतजाम किए हैं।
सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक होगी एंट्री
समर एनुअल्स एडिशन के दौरान अमृत उद्यान सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहेगा। अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे तक दिया जाएगा। रखरखाव के लिए प्रत्येक सोमवार को उद्यान बंद रहेगा। विजिटर्स के लिए प्रवेश और निकास नॉर्थ एवेन्यू रोड के पास बने गेट नंबर 35 से होगा। अमृत उद्यान में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है, लेकिन लोगों को अपनी यात्रा से पहले ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होगा। किसी खास तारीख के लिए स्लॉट की बुकिंग एक दिन पहले सुबह 10 बजे बंद हो जाएगी। मौके पर बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इसलिए उद्यान घूमने की योजना बनाने वालों को पहले ही अपना स्लॉट सुनिश्चित करना होगा।
Amrit Udyan: शटल बस से लेकर मेडिकल सुविधा तक इंतजाम
विजिटर्स की सुविधा के लिए अमृत उद्यान के भ्रमण मार्ग पर पीने के पानी के स्टॉल, फर्स्ट एड पोस्ट, मेडिकल सहायता, बारिश से बचने के स्थान और टॉयलेट की व्यवस्था की गई है। मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स या हैंडबैग, पानी की बोतल और छोटे बच्चों के लिए दूध की बोतल साथ ले जाने की अनुमति होगी। सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन से अमृत उद्यान के प्रवेश द्वार तक शटल बस सेवा भी उपलब्ध रहेगी। यह सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे के बीच हर 30 मिनट पर चलेगी।
बाल वाटिका, बोन्साई गार्डन और बैबलिंग ब्रुक होंगे आकर्षण
अमृत उद्यान के निर्धारित भ्रमण मार्ग में बाल वाटिका, प्लमेरिया गार्डन, बरगद गार्डन, बोन्साई गार्डन, बैबलिंग ब्रुक, सेंट्रल लॉन, लॉन्ग गार्डन और सर्कुलर गार्डन शामिल हैं। फूलों की विभिन्न प्रजातियों के अलावा बैबलिंग ब्रुक की झरनों वाली जलधारा और बरगद गार्डन का रिफ्लेक्सोलॉजी पथ भी लोगों को आकर्षित करेगा। अमृत उद्यान के अलावा मंगलवार से रविवार तक राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति भवन म्यूजियम का भी भ्रमण किया जा सकता है। वहीं हर शनिवार राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में होने वाली ‘चेंज-ऑफ-गार्ड’ सेरेमनी देखने का अवसर मिलेगा। इससे पहले अमृत उद्यान का विंटर एनुअल्स एडिशन 3 फरवरी से 31 मार्च 2026 तक जनता के लिए खुला था।
ये भी पढ़ें…सितंबर में भारत आएंगे ईरान के राष्ट्रपति पेजेशकियन, दिल्ली में BRICS शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल








