Breaking News
Home » नई दिल्ली » भाजपा ने तीन राज्यों के प्रभारी किए नियुक्त, विनोद तावड़े को यूपी और तरुण चुघ को गुजरात का जिम्मा

भाजपा ने तीन राज्यों के प्रभारी किए नियुक्त, विनोद तावड़े को यूपी और तरुण चुघ को गुजरात का जिम्मा

BJP appoints in-charges for three states
BJP appoints in-charges for three states

BJP News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात समेत कई राज्यों के प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी ने आगामी चुनावों और संगठनात्मक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

भाजपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक, पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण राज्य है और यहां संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी अब तावड़े के कंधों पर होगी। उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, पंजाब की जिम्मेदारी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सतीश पुनिया को सौंपी है। पार्टी को पंजाब में संगठन के विस्तार और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की चुनौती है। पुनिया के अनुभव का इस्तेमाल पार्टी राज्य में अपनी राजनीतिक गतिविधियों को गति देने के लिए कर सकती है। गुजरात में भाजपा सांसद तरुण चुघ को प्रभारी बनाया है। चुघ पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और उन्हें संगठनात्मक मामलों का अनुभव है।

गुजरात भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है, ऐसे में चुघ की नियुक्ति को संगठन को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं इससे पहले सोमवार को भाजपा ने नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की एक विस्तृत सूची जारी की थी। जिसमें नई टीम में सबसे अहम नामों में से एक स्मृति ईरानी हैं, जिन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री की संगठन में अहम भूमिका में वापसी हुई है। अन्य राष्ट्रीय महासचिवों में महाराष्ट्र से विनोद तावड़े, दिल्ली से सुनील बंसल, त्रिपुरा से बिप्लब कुमार देब, राजस्थान से सतीश पूनिया, मध्य प्रदेश से गजेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश से हरीश द्विवेदी और हरियाणा से संजय भाटिया शामिल हैं।

दिल्ली के बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के तौर पर अहम पद पर बने हुए हैं। राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) मुंबई से शिवप्रकाश और चंडीगढ़ से सौदान सिंह हैं। तेरह नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस सूची में राजस्थान से वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड से तीरथ सिंह रावत, दिल्ली से राम माधव, ओडिशा से बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश से डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा, गुजरात से वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र से भारती प्रवीण पवार, पंजाब से मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य, कर्नाटक से एम. नागराज, उत्तर प्रदेश से तारिक मंसूर और पश्चिम बंगाल से मधुचंद्र कर शामिल हैं।

ये भी पढ़े… राशन वितरण में खत्म होगा बिचौलियों का खेल, CM योगी ने बताए E-पॉस के बड़े फायदे