Delhi Model Murder Case: दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बुधवार शाम एक 21 वर्षीय मॉडल की उसके घर में घुसकर हत्या कर दी गई। इस वारदात का आरोप जिम ट्रेनर इमरान पर लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले कुछ समय से युवती को जानता था।पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार को युवती मुस्कान के परिवार के लोग किसी काम से घर से बाहर गए थे। उस समय मुस्कान घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी उसके घर पहुंचा और उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती की मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
Delhi Model Murder Case: CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। फुटेज के जरिए आरोपी की गतिविधियों और वारदात से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है।जांच में पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी युवती के घर तक किस तरह पहुंचा था और हत्या के बाद वह किस रास्ते से मौके से फरार हुआ। अतिरिक्त DCP अभिषेक गुप्ता ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
दोस्त ने बताया- लंबे समय से परेशान कर रहा था
मृतका के एक दोस्त ने बताया कि मुस्कान एक स्टूडेंट थी और पढ़ाई के साथ पार्ट टाइम मॉडलिंग भी करती थी। उसके मुताबिक, बुधवार शाम करीब 7 बजे मुस्कान की बहन ने उसे फोन किया था। बहन ने बताया कि किसी व्यक्ति ने मुस्कान को चाकू मार दिया है।दोस्त के अनुसार, इस मामले में आरोपी का नाम इमरान है, जो मुस्कान के जिम में ट्रेनर था।
Delhi Model Murder Case: शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप
मुस्कान के दोस्त ने आरोप लगाया कि इमरान काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। उसने इमरान को ‘साइको’ बताते हुए कहा कि मुस्कान उससे बात नहीं करना चाहती थी, लेकिन इसके बावजूद वह उसे परेशान करता था।दोस्त के मुताबिक, इमरान मुस्कान का पीछा भी करता था और उस पर शादी करने के लिए दबाव डाल रहा था। मुस्कान उससे किसी तरह पीछा छुड़ाना चाहती थी। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में जुटी है।
ये भी पढ़ें…नेपाल की तबाही के पीछे क्या था? सैटेलाइट तस्वीरों ने ग्लेशियर से सैलाब तक की पूरी कहानी दिखाई








