Home » राजनीति » बीकानेर कांग्रेस में बवाल के बाद बड़ा एक्शन, जिला अध्यक्ष से कथित मारपीट पर 2 पूर्व पार्षद 6 साल के लिए निलंबित

बीकानेर कांग्रेस में बवाल के बाद बड़ा एक्शन, जिला अध्यक्ष से कथित मारपीट पर 2 पूर्व पार्षद 6 साल के लिए निलंबित

मेघवाल से मारपीट पर कांग्रेस की बड़ी कार्रवाई

Rajasthan Congress: राजस्थान कांग्रेस ने बीकानेर शहर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी के मामले में दो पूर्व पार्षदों पर सख्त कार्रवाई की है। पार्टी ने दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए निलंबित कर दिया है।कांग्रेस की ओर से जारी किए गए पत्र में बताया गया कि यह फैसला मदन गोपाल मेघवाल की शिकायत के आधार पर लिया गया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सवाल खड़े किए थे।

कार्यालय उद्घाटन के दौरान हुआ विवाद

कांग्रेस के अनुसार, बीकानेर नगर निगम के वार्ड 50, प्रगाशी के कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार की घटना हुई।मदन गोपाल मेघवाल की ओर से दी गई शिकायत के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की और अभद्र व्यवहार किया।पार्टी ने अपने पत्र में इस घटना को गंभीर अनुशासनहीनता बताया। पत्र में कहा गया कि बीकानेर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार पार्टी के लिए गंभीर मामला है। शिकायत को ध्यान में रखते हुए दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए निलंबित किया जाता है।

Rajasthan Congress: निकाय चुनाव से पहले हुआ फैसला

कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि पार्टी के जिला अध्यक्ष के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता और यह पार्टी अनुशासन के खिलाफ है।खास बात यह है कि यह कार्रवाई राजस्थान में होने वाले नगर निगम चुनावों से कुछ समय पहले की गई है। राज्य में नगर निगम चुनाव दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को होने हैं। ऐसे में बीकानेर कांग्रेस में हुई इस कार्रवाई को चुनाव से पहले काफी अहम माना जा रहा है।राज्य में निकाय चुनावों के दौरान बीजेपी और कांग्रेस के बीच कड़ी राजनीतिक टक्कर होने की संभावना जताई जा रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी का हमला

मदन गोपाल मेघवाल के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।राजस्थान बीजेपी ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा कि कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर पैदा हुए असंतोष के बीच बीकानेर शहर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मदन मेघवाल के साथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा की गई कथित मारपीट बेहद निंदनीय है।बीजेपी ने सवाल उठाया कि जिस पार्टी के कार्यकर्ता अपने ही जिला अध्यक्ष के साथ हिंसा पर उतर आए हों, वह जनता के हित और प्रदेश के विकास की बात कैसे कर सकती है।

Rajasthan Congress: बीजेपी ने लगाया दलित नेता के अपमान का आरोप

घटना के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर दलितों के अपमान का भी आरोप लगाया। पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।बीजेपी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सार्वजनिक तौर पर दलितों के हितों की बात करते हैं, लेकिन उनकी ही पार्टी में एक दलित नेता के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई।

बीजेपी ने अपनी पोस्ट में इसे राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ का कथित ‘घिनौना सच’ बताते हुए सवाल किया कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा एक दलित नेता के साथ कथित हिंसा किए जाने के बावजूद राहुल गांधी इस मामले पर चुप क्यों हैं।बीजेपी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस का दलितों के प्रति वास्तविक रवैया उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं के व्यवहार से सामने आ गया है।

ये भी पढ़ें…1243 मौतें, सैकड़ों लापता और तबाही का मंजर: नेपाल में DNA जांच से अपनों की पहचान, भारत भी मदद में जुटा