Home » उत्तर प्रदेश » कार्गो में धुएं का अलार्म बजा तो घबराए यात्री, वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

कार्गो में धुएं का अलार्म बजा तो घबराए यात्री, वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग

वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट की लखनऊ में लैंडिंग

Air India Express: वाराणसी से दिल्ली जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को गुरुवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। सूत्रों के अनुसार, विमान के कार्गो में धुएं का अलार्म बजने लगा था। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट के अधिकारियों से संपर्क किया।एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से अनुमति मिलने के बाद विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया। विमान के लैंड करते ही रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई। फायर ब्रिगेड और तकनीकी विशेषज्ञ भी मौके पर पहुंच गए और विमान की जांच शुरू की गई।

Air India Express: 8 बजे वाराणसी से भरी थी उड़ान

एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX 1253 ने गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वाराणसी एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ समय बाद ही विमान के कार्गो में लगे स्मोक डिटेक्शन सिस्टम का अलार्म बज गया।इसके बाद पायलट ने सुबह 8:52 बजे विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित रूप से लैंड कराया।

155 यात्रियों और क्रू को उतारा गया

विमान के लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने के करीब 10 मिनट बाद, सुबह 9:02 बजे सभी 155 यात्रियों और क्रू सदस्यों को विमान से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद विमान की विस्तृत जांच की गई और उसे एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क कर दिया गया।शुरुआती जांच में विमान के अंदर धुएं का कोई संकेत नहीं मिला। इसके बाद अधिकारियों ने यह पता लगाने की कोशिश शुरू की कि अगर विमान में धुआं नहीं था तो स्मोक अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ।यात्रियों को अब दूसरे विमान के जरिए दिल्ली भेजे जाने की व्यवस्था की जाएगी।

Air India Express: विमान में दो कार्गो होल्ड होते हैं

विमान में सामान रखने के लिए आमतौर पर दो प्रमुख कार्गो होल्ड होते हैं:

फॉरवर्ड कार्गो होल्ड: यह विमान के आगे वाले हिस्से में स्थित होता है।

आफ्ट कार्गो होल्ड: यह विमान के पिछले हिस्से में होता है।

Air India Express: डेढ़ साल में यूपी में विमान से जुड़ी प्रमुख घटनाएं
19 अगस्त 2026: गोरखपुर में लैंडिंग के दौरान टेल टकराया

गोरखपुर एयरपोर्ट पर 19 अगस्त 2026 को इंडिगो विमान की लैंडिंग के दौरान उसका पिछला हिस्सा यानी टेल जमीन से टकरा गया था। इसके बाद पायलट ने विमान को दोबारा हवा में उठा लिया। ATC से क्लियरेंस मिलने के बाद विमान की फिर से लैंडिंग कराई गई।

21 जनवरी 2026: तालाब में उतारा गया वायुसेना का विमान

21 जनवरी 2026 को प्रयागराज में तकनीकी खराबी के चलते वायुसेना के एक छोटे विमान को तालाब में उतारना पड़ा था। विमान में मौजूद दोनों पायलटों ने पैराशूट की मदद से सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचाई थी।

12 नवंबर 2025: बम की धमकी के बाद वाराणसी में लैंडिंग

12 नवंबर 2025 को मुंबई से वाराणसी आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को बम की धमकी मिली थी। इसके बाद विमान की वाराणसी में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में मौजूद सभी यात्री सुरक्षित रहे।

25 मई 2025: सुरक्षा कारणों से वाराणसी में उतरी इंडिगो फ्लाइट

25 मई 2025 को दिल्ली से आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को सुरक्षा कारणों के चलते वाराणसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित रहे।

14 सितंबर 2025: तकनीकी खराबी के बाद लखनऊ लौटा विमान

14 सितंबर 2025 को दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट ने उड़ान भरने के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी की जानकारी मिलने पर लखनऊ एयरपोर्ट पर वापस लैंडिंग की थी। विमान में कुल 151 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित रहे।

6 मई 2025: मुंबई में ही करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

6 मई 2025 को मुंबई से गोरखपुर जा रही इंडिगो फ्लाइट में उड़ान भरने के बाद तकनीकी खराबी सामने आई थी। इसके बाद विमान को मुंबई एयरपोर्ट पर ही इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी।

इस फ्लाइट में 190 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित रहे। बाद में सभी यात्रियों को दूसरी फ्लाइट के जरिए गोरखपुर भेजा गया।

ये भी पढ़ें…बक्सर के स्कूल में छात्राओं से शर्मनाक हरकत: 2 टीचर्स पर रेप और अश्लील वीडियो बनाने के आरोप, विभाग ने किया सस्पेंड