CJP AND SP MEETING: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने मुलाकात की। दोनों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई। मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
हालांकि, समाजवादी पार्टी और CJP की ओर से इसे फिलहाल एक सामान्य मुलाकात बताया गया है। सपा की ओर से कहा गया कि रांका अखिलेश यादव से युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सपा के समर्थन के लिए धन्यवाद देने पहुंचे थे।
क्यों हुई अखिलेश और रांका की मुलाकात?
सपा नेता फखरुल हसन के मुताबिक, अखिलेश यादव ने संसद में युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। इसके अलावा जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन को भी सपा की ओर से समर्थन दिया गया था। इसी के लिए CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर आभार जताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने छात्रों से जुड़े मुद्दों को सदन में भी उठाया है। हालांकि, CJP के भविष्य के किसी राजनीतिक फैसले पर सपा की ओर से टिप्पणी नहीं की गई है।
CJP AND SP MEETING: क्या बातचीत में चुनावी समीकरण पर भी हुई चर्चा?
सपा प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि मुलाकात के दौरान युवाओं, बेरोजगारी और स्कूली शिक्षा की स्थिति जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सूत्रों के मुताबिक, बातचीत में छात्रों के साथ-साथ Gen-Z और Gen-Alpha से जुड़े मुद्दे भी उठ सकते हैं। यही वजह है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले इस मुलाकात को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। हालांकि, अभी तक दोनों पक्षों की ओर से किसी गठबंधन या चुनावी तालमेल का ऐलान नहीं किया गया है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान सपा ने दिया था समर्थन
CJP के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी ने युवाओं के मुद्दों को लेकर समर्थन जताया था। इस दौरान अखिलेश यादव और उनके समर्थकों को पुलिस हिरासत में लिए जाने की बात भी सामने आई थी। बाद में सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध किया था। इसी पृष्ठभूमि में अखिलेश और रांका की ताजा मुलाकात को दोनों के बीच बढ़ती नजदीकी से जोड़कर देखा जा रहा है।
CJP AND SP MEETING: बिना बयान दिए लौटे आशुतोष रांका
मुलाकात खत्म होने के बाद आशुतोष रांका ने मीडिया से बातचीत नहीं की और वहां से चले गए। सपा की ओर से भी बैठक में हुई बातचीत या उसके नतीजे को लेकर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया। इस बीच, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओपी राजभर ने इस मुलाकात पर तंज कसते हुए कहा कि अब समाजवादी पार्टी के पास ‘तिलचट्टों’ का ही सहारा रह गया है।
फिलहाल यह मुलाकात केवल धन्यवाद और मुद्दों पर चर्चा तक सीमित बताई जा रही है, लेकिन UP चुनाव से पहले अखिलेश यादव और CJP प्रवक्ता की डेढ़ घंटे की बंद कमरे में हुई बातचीत ने सियासी अटकलों को जरूर हवा दे दी है।
ये भी पढ़े… तंबूरे से बॉलीवुड तक सुनील की आवाज: सागर के गांव से ‘हनुमान अंश’ तक कैसे पहुंचा सफर? 4 सवालों में पूरी कहानी








