Maggi packet worms: मुंबई के कल्याण इलाके में एक ग्राहक ने मैगी नूडल्स के पैकेट में कथित तौर पर कीड़े और लार्वा मिलने का दावा किया है। ग्राहक के मुताबिक, नूडल्स तैयार करते समय उसे पैकेट के अंदर कीड़े दिखाई दिए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पैकेट पर फरवरी 2027 की एक्सपायरी डेट दर्ज थी। मामले के सामने आने के बाद पैकेज्ड फूड की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
Maggi packet worms: मैगी के पैकेट में कीड़े मिलने का दावा-
ग्राहक के अनुसार, मैगी तैयार करते समय पैकेट के अंदर कथित तौर पर कीड़े दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि संबंधित पैकेट की एक्सपायरी फरवरी 2027 में होनी थी। ऐसे में तय शेल्फ लाइफ पूरी होने से पहले उत्पाद में कथित खराबी सामने आने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
Maggi packet worms: खाद्य सुरक्षा को लेकर जांच की मांग-
घटना के बाद महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) से मामले का संज्ञान लेने और संबंधित उत्पाद के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजने की मांग की गई है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पैकेट में कीड़े मिलने का दावा कितना सही है।
नेस्ले इंडिया ने क्या कहा-
नेस्ले इंडिया ने बताया कि उसे इस घटना की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली है। कंपनी के अनुसार, अभी तक संबंधित उपभोक्ता या किसी सरकारी अधिकारी ने सीधे कंपनी से संपर्क नहीं किया है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि मौजूदा स्थिति में नेस्ले शिकायत की प्रामाणिकता को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाल सकती। कंपनी ने यह भी बताया कि उसके उत्पादों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निर्माण प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों में कड़े नियंत्रण और जांच के उपाय अपनाए जाते हैं।
‘सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध’-
नेस्ले इंडिया के मुताबिक, गुणवत्ता जांच कच्चे माल की खरीद से शुरू होती है और उत्पादन से लेकर पैकेजिंग तक जारी रहती है। कंपनी के सभी विनिर्माण संयंत्रों में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाएं लागू हैं। कंपनी ने कहा कि वह उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मामले की वास्तविक स्थिति संबंधित उत्पाद के नमूने की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़े- प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट से नया खुलासा, ज्यादा खून बहने से गई जान









