Jantra Mantra Protest: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रविवार को प्रस्तावित प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक प्रस्तावित मार्च को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। सुरक्षा व्यवस्था में करीब 5000 पुलिसकर्मियों के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और पैरामिलिट्री फोर्स को भी लगाया गया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी गई है। इसके बावजूद मार्च के ऐलान को देखते हुए पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में पहले से सुरक्षा बढ़ा दी है।
रविवार को दो मार्च निकालने का ऐलान
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ रविवार को दो अलग-अलग मार्च निकाले जाने का ऐलान किया गया है। पहला मार्च दोपहर 3 बजे इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक निकालने की बात कही गई है। इसे ‘सिटीजंस मार्च’ नाम दिया गया है। इसके बाद शाम 5 बजे भारतीय युवा कांग्रेस की ओर से भी मार्च निकालने का ऐलान किया गया है। दोनों कार्यक्रमों को देखते हुए पुलिस ने नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
Jantra Mantra Protest: जंतर-मंतर जाने वाले रास्तों पर मल्टीलेवल बैरिकेडिंग
प्रस्तावित मार्च को देखते हुए जंतर-मंतर की तरफ जाने वाले प्रमुख रास्तों पर मल्टीलेवल बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस ने कई संवेदनशील मार्गों पर आवाजाही नियंत्रित करने की तैयारी की है। टॉल्स्टॉय मार्ग, जनपथ रोड, संसद मार्ग और केरल भवन की ओर जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस की तैनाती की गई है। इसके अलावा अशोका रोड और सी-हेक्सागन रोड के आसपास भी बैरिकेड लगाए गए हैं। पुलिस की गाड़ियां और पीसीआर वैन भी प्रमुख स्थानों पर तैनात की गई हैं।
ड्रोन और CCTV से रखी जाएगी नजर
सुरक्षा व्यवस्था के तहत दिल्ली पुलिस ने ड्रोन निगरानी की भी तैयारी की है। भीड़ की स्थिति और कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के लिए आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की मदद ली जा रही है। पुलिस की कोशिश है कि प्रस्तावित मार्च के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखा जाए और बिना अनुमति किसी भी जुलूस को आगे बढ़ने से रोका जा सके।
Jantra Mantra Protest: तीन दिन से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन
सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पिछले तीन दिनों से जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों में राजनीतिक दलों के अलावा छात्र संगठनों के कार्यकर्ता भी शामिल हुए हैं। प्रदर्शनकारी चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि मतदाता सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए गए हैं और इसमें अनियमितताएं हुई हैं। प्रदर्शनकारियों ने इन्हीं आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की है।
शुक्रवार को 700 से ज्यादा लोग हिरासत में लिए गए
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI), भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) समेत कई राजनीतिक दलों और छात्र संगठनों के कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतरे थे। प्रदर्शनकारियों ने SIR में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग की। पुलिस ने इस दौरान 700 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था।

Jantra Mantra Protest: पुलिस की अपील- कानून व्यवस्था बनाए रखें
लगातार हो रहे प्रदर्शनों और रविवार को प्रस्तावित मार्च को देखते हुए नई दिल्ली इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। पुलिस की प्राथमिकता भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ प्रमुख सड़कों पर यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। फिलहाल इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक मार्च की अनुमति नहीं दी गई है। ऐसे में रविवार को प्रस्तावित प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति न बने, इसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।









