Flydubai Hijack Attempt: फ्लाईदुबई फ्लाइट को कथित तौर पर हाईजैक करने की कोशिश के मामले में आरोपी ओमानी को-पायलट हमाम-अल-हम्मामी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है। सूत्रों के अनुसार, हम्मामी ने जांच एजेंसियों को बताया कि वह गाजा में हुई घटनाओं का बदला लेना चाहता था और ‘शहीद की मौत’ मरना चाहता था।
Flydubai Hijack Attempt: ‘शहीद की मौत’ के लिए फ्लाइट हाईजैक करने का दावा-
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान हम्मामी ने दावा किया कि उसने फ्लाईदुबई फ्लाइट को हाईजैक करने का प्रयास इसी मकसद से किया था। उसका कथित इरादा विमान को क्रैश कराकर बदला लेने और अपनी जान गंवाने का था। जांच अधिकारियों के अनुसार, हम्मामी के इस कथित बयान ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इस योजना के पीछे उसकी व्यक्तिगत सोच थी या किसी संगठन अथवा अन्य लोगों की भूमिका भी थी।
Flydubai Hijack Attempt: इजरायली एजेंसियां भी कर रही हैं पूछताछ
सूत्रों के अनुसार, इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद से जुड़े एक अधिकारी ने सरकार को बताया कि हम्मामी ने हाल के वर्षों में इजरायल के दुश्मन माने जाने वाले कुछ देशों की यात्रा की थी। इसी वजह से जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन यात्राओं के दौरान क्या हम्मामी किसी संगठन के संपर्क में आया था। इजरायल की घरेलू सुरक्षा एजेंसी शिन बेट के एजेंट भी हम्मामी से पूछताछ के लिए UAE पहुंचे हैं। इससे पहले सऊदी अरब की जांच एजेंसियां भी उससे पूछताछ कर चुकी हैं और अपनी रिपोर्ट UAE को भेजी थी।
ऑस्ट्रेलिया की यूनिवर्सिटी में लिया था दाखिला
जांच में हम्मामी के ऑस्ट्रेलिया कनेक्शन की भी जानकारी सामने आने का दावा किया गया है। बताया गया है कि उसने मेलबर्न की RMIT यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए दाखिला लिया था, लेकिन अपनी डिग्री पूरी नहीं की। जांच एजेंसियां ऑस्ट्रेलिया में उसके बिताए समय और उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं। अधिकारियों की कोशिश यह पता लगाने की है कि क्या उस दौरान वह किसी कट्टरपंथी समूह या संदिग्ध व्यक्ति के संपर्क में आया था।
मेलबर्न पुलिस से भी मांगी गई जानकारी
सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसियों ने मेलबर्न पुलिस से हम्मामी के बारे में जानकारी जुटाने और उसके संपर्क में आए लोगों की डिटेल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। जांचकर्ता यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ऑस्ट्रेलिया में रहने के दौरान हम्मामी किन लोगों के संपर्क में था और क्या उसका किसी अन्य गतिविधि या साजिश से संबंध था।
न्यूजीलैंड में ली थी 6 महीने की फ्लाइट ट्रेनिंग-
हम्मामी ने न्यूजीलैंड में भी करीब छह महीने की फ्लाइट ट्रेनिंग ली थी। सूत्रों के अनुसार, वह नवंबर 2018 से मई 2019 तक स्टूडेंट वीजा पर न्यूजीलैंड में रहा था। न्यूजीलैंड के सहायक आयुक्त माइकल जॉनसन की ओर से भेजे गए ईमेल के मुताबिक, इमिग्रेशन रिकॉर्ड में हम्मामी के 30 नवंबर 2018 को न्यूजीलैंड पहुंचने और 23 मई 2019 को वहां से जाने की जानकारी दर्ज है।
जिस कंपनी के लिए ट्रेनिंग लेने गया, उसकी भी जांच
बताया गया है कि हम्मामी न्यूजीलैंड में एक ब्रिटिश कंपनी के लिए को-पायलट ट्रेनिंग लेने गया था। हालांकि, वह कंपनी अब न्यूजीलैंड में काम नहीं कर रही है। ऐसे में जांच एजेंसियां उस कंपनी के बारे में भी जानकारी जुटा रही हैं, ताकि हम्मामी की ट्रेनिंग और उसके संपर्कों से जुड़ी अधिक जानकारी हासिल की जा सके।
यह भी पढ़े- चुनाव आयोग के खिलाफ INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन, राहुल गांधी बोले- ‘लोकतंत्र बचाने आए हैं’









