INDIA Bloc Protest: दिल्ली में INDIA ब्लॉक के सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि करीब 300 विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों से मिलने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
INDIA Bloc Protest: ‘300 सांसद चुनाव आयुक्त से मिलना चाहते थे’-
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के करीब 300 सांसद चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने सांसदों को चुनाव आयोग के कार्यालय से करीब 50 मीटर पहले ही रोक दिया। उन्होंने कहा कि सांसद जनता के चुने हुए प्रतिनिधि हैं और यह समझ से परे है कि उन्हें चुनाव आयोग से मिलने से क्यों रोका जा रहा है।
INDIA Bloc Protest: ‘लोकतंत्र का क्या मतलब, अगर चुनाव आयोग सांसदों से नहीं मिले’-
राहुल गांधी ने कहा कि जब चुनाव आयोग का कार्यालय प्रदर्शन स्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर है, तो विपक्षी सांसदों को वहां जाने से क्यों रोका जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि अगर चुनाव आयोग चुने हुए जनप्रतिनिधियों से ही मुलाकात नहीं करता, तो लोकतंत्र का क्या मतलब रह जाता है।
राहुल गांधी ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप-
राहुल गांधी ने बीजेपी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार ने इसमें उनकी मदद की है।
‘लोकतंत्र बचाने के लिए खड़ा हूं’-
राहुल गांधी ने कहा कि उनका उद्देश्य बीजेपी के बयानों का जवाब देना नहीं, बल्कि भारत में लोकतंत्र को बचाना है। उन्होंने कहा कि उनके साथ करीब 300 सांसद भी लोकतंत्र को बचाने के लिए यहां पहुंचे हैं। उन्होंने आगे कहा कि देश के युवा और यहां तक कि पुलिसकर्मी भी उनकी बात से सहमत हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और कोई भी इससे बच नहीं पाएगा।









