New Governors in Six States: देश के छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की गई है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से सोमवार शाम इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि केरल के मौजूदा राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु भेजा गया है। इसके अलावा ब्रज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
New Governors in Six States: नए राज्यपालों की पूरी लिस्ट-
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और बदलाव किए गए हैं। नई नियुक्तियों की सूची इस प्रकार है:
– ओम प्रकाश माथुर: केरल के नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। इससे पहले वह सिक्किम के राज्यपाल थे।
– राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर: केरल से स्थानांतरित होकर तमिलनाडु के राज्यपाल बनाए गए हैं।
– ब्रज मोहन राम: ओडिशा के राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं।
– डॉ. सुधा यादव: कर्नाटक की नई राज्यपाल बनाई गई हैं।
– डॉ. ढाल सिंह बिसेन: उत्तराखंड के राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं।
– दुष्यंत गौतम: सिक्किम के नए राज्यपाल बनाए गए हैं।
New Governors in Six States: ब्रज मोहन राम कौन हैं-
झारखंड के पलामू जिले से आने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह 1996 से 2004 तक पलामू लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे हैं। इसके अलावा, झारखंड के अलग राज्य बनने से पहले उन्होंने 1991 से 1995 तक बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में भी काम किया था। उनकी राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब उन्हें ओडिशा के राज्यपाल के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. सुधा यादव कौन हैं-
हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। उन्होंने आईआईटी रुड़की से रसायन विज्ञान में पीएचडी की है और वह शिक्षाविद् भी रही हैं। डॉ. सुधा यादव ने 1999 में राजनीति में कदम रखा था और सांसद बनी थीं। इसके अलावा वह राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य के रूप में भी काम कर चुकी हैं। अब उन्हें कर्नाटक के राज्यपाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. ढाल सिंह बिसेन कौन हैं-
मध्य प्रदेश के वरिष्ठ नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह पेशे से डॉक्टर हैं और बालाघाट लोकसभा क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा, बिसेन मध्य प्रदेश विधानसभा के कई बार सदस्य भी रहे हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं। अब उन्हें उत्तराखंड के संवैधानिक प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दुष्यंत गौतम कौन हैं-
भाजपा के वरिष्ठ नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के पद पर काम कर चुके हैं। इसके अलावा, पार्टी ने उन्हें राज्यसभा सांसद भी बनाया था। दुष्यंत गौतम उत्तराखंड में भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। संगठन में लंबे समय तक काम करने के बाद अब उन्हें सिक्किम के राज्यपाल के रूप में नई जिम्मेदारी मिली है।
ओम प्रकाश माथुर और राजेंद्र आर्लेकर की भी बदली जिम्मेदारी-
भाजपा के वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को केरल का नया राज्यपाल बनाया गया है। इससे पहले वह सिक्किम के राज्यपाल के पद पर कार्यरत थे। वहीं, केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु भेजा गया है। इन नियुक्तियों के साथ छह राज्यों में राज्यपालों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के बाद संबंधित राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
यह भी पढ़े- पुंछ में लैंडमाइन धमाके में 4 आतंकियों की मौत, लश्कर का टॉप कमांडर भी ढेर









