Abhishek Goswami Suspended: यूपी टी20 लीग में खिलाड़ियों पर आचार संहिता का उल्लंघन भारी पड़ा है। ग्रीन पार्क स्टेडियम में नोएडा किंग्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान अनुशासन तोड़ने के मामले में काशी रुद्रास के खिलाड़ी अभिषेक गोस्वामी को एक मैच के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, ऋषभ राजपूत और नोएडा किंग्स के कुनाल त्यागी पर भी जुर्माना लगाया गया है।
Abhishek Goswami Suspended: अभिषेक गोस्वामी पर लगा लेवल-3 का आरोप-
यह पूरा मामला टूर्नामेंट के 23वें मैच से जुड़ा है, जिसमें काशी रुद्रास ने नोएडा किंग्स को 67 रन से हराया था। मुकाबले के दौरान अभिषेक गोस्वामी पर आचार संहिता के क्लॉज 2.17 के तहत लेवल-3 का आरोप लगाया गया। यह नियम किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर, मैच रेफरी या दर्शक को धमकाने या उन पर हमला करने जैसे व्यवहार से संबंधित है। इसी के चलते गोस्वामी को काशी रुद्रास के अगले मुकाबले से बाहर कर दिया गया है।
Abhishek Goswami Suspended: अपशब्दों के इस्तेमाल पर 40 फीसदी अतिरिक्त जुर्माना-
गोस्वामी पर एक और आरोप भी लगा है। खेल के दौरान अपशब्दों का इस्तेमाल करने के लिए उन पर क्लॉज 2.3 के तहत लेवल-1 का उल्लंघन माना गया। इसके लिए उनकी मैच फीस का 40 प्रतिशत अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया है। इस तरह गोस्वामी को सस्पेंशन के साथ आर्थिक दंड का भी सामना करना पड़ा है।
ऋषभ राजपूत पर भी कार्रवाई-
काशी रुद्रास के ही खिलाड़ी ऋषभ राजपूत पर क्लॉज 2.5 के तहत लेवल-1 उल्लंघन के लिए जुर्माना लगाया गया। आरोप है कि उन्होंने ऐसी भाषा, हरकत या इशारे का इस्तेमाल किया, जिससे बल्लेबाज के आउट होने के बाद उसका अपमान हुआ या उसे आक्रामक प्रतिक्रिया के लिए उकसाया गया।
कुनाल त्यागी ने नहीं माना अंपायर का निर्देश-
नोएडा किंग्स के खिलाड़ी कुनाल त्यागी भी अनुशासनात्मक कार्रवाई से नहीं बच सके। उन पर अंपायर के निर्देश का पालन नहीं करने के लिए क्लॉज 2.4 के तहत लेवल-1 उल्लंघन का आरोप लगाया गया और जुर्माना लगाया गया।
करण शर्मा के शतक से जीती थी काशी रुद्रास-
जिस मुकाबले में ये घटनाएं हुईं, उसमें काशी रुद्रास ने शानदार जीत दर्ज की थी। टीम की जीत में कप्तान करण शर्मा की तूफानी पारी का अहम योगदान रहा। उन्होंने 51 गेंदों पर 102 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल थे। रुद्रास ने इस मुकाबले में नोएडा किंग्स को 67 रन से हराया था।
यूपीसीए ने खेल भावना पर दिया जोर-
सभी संबंधित खिलाड़ियों को उनकी सजा और पाबंदियों के बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी दे दी गई है। यूपीसीए ने साफ किया है कि लीग में खेल की मर्यादा और अनुशासन से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यूपीसीए मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम ने कहा कि यूपीसीए और यूपी टी20 लीग खेल की शुचिता को सर्वोच्च महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों से पूरी तरह पेशेवर व्यवहार और खेल भावना बनाए रखने की उम्मीद की जाती है।
यह भी पढ़े- जो रूट ने रचा इतिहास, पोंटिंग को पीछे छोड़ घरेलू मैदान पर बने नंबर-1








