Akhilesh Yadav: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी ने रविवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार रहने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। द्विवेदी ने अखिलेश के ‘PDA’ फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए उनकी कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप लगाया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में BJP प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद रहे।
UP में BJP को मजबूत करने पर जोर
हरीश द्विवेदी ने नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश को नई टीम में अहम प्रतिनिधित्व दिया है, जो राज्य के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह संगठन को मजबूत करने और नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के विस्तार के लिए काम करने का आह्वान किया।
Akhilesh Yadav: अखिलेश के PDA फॉर्मूले पर साधा निशाना
द्विवेदी ने समाजवादी पार्टी की राजनीति को परिवारवाद से जोड़ते हुए अखिलेश यादव की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता 2012 से 2017 के बीच की SP सरकार का कार्यकाल देख चुकी है। BJP नेता ने दावा किया कि SP में एक ही परिवार का दबदबा है और यादव समुदाय से पार्टी के पांच सांसद होने के बावजूद सभी एक ही परिवार से आते हैं। अखिलेश यादव के ‘PDA’ यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक फॉर्मूले पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश खुद ही इस बात को लेकर कन्फ्यूज हैं कि PDA वास्तव में क्या है।
राहुल गांधी पर भी बोला हमला
हरीश द्विवेदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों की राजनीति में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। राहुल गांधी को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें खुद और उनकी मां को भी यह पता नहीं होता कि वह क्या कहने वाले हैं। वहीं, निषाद पार्टी अध्यक्ष संजय निषाद से जुड़े सवाल पर द्विवेदी ने कहा कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उनसे बातचीत करेगा।
ये भी पढ़ें…IPL 2027: आईपीएल 2027 में नहीं खेलेंगे ये तीन दिग्गज खिलाड़ी








