ASSAM CM Oath: हिमंत बिस्वा सरमा ने असम की नई सरकार के गठन से पहले सोमवार को चार विधायकों के नामों की घोषणा की, जो मंगलवार को मंत्री पद की शपथ लेंगे। साथ ही वरिष्ठ भाजपा विधायक रंजीत दास को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाया गया है।
इन नेताओं को मंत्रिमंडल में मिली जगह
मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंता सरमा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली,असम गण परिषद के अध्यक्ष अतुल बोरा, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के नेता चंदन ब्रह्मा और भाजपा नेता अजंता नियोग नई मंत्रिपरिषद में शामिल होंगे।
ASSAM CM Oath: ‘राज्य के विकास के लिए मिलकर करेंगे काम’
हिमंता सरमा ने नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि नई टीम राज्य के विकास और समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर असम को और मजबूत, विकसित और समृद्ध बनाने की दिशा में प्रयास करेंगे।
रंजीत दास होंगे स्पीकर पद के उम्मीदवार
सरमा ने यह भी ऐलान किया कि भाजपा विधायक रंजीत दास नवगठित विधानसभा में अध्यक्ष पद के लिए सत्तारूढ़ एनडीए के उम्मीदवार होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी और गठबंधन को भरोसा है कि रंजीत दास सदन की कार्यवाही को प्रभावी ढंग से संचालित करेंगे।
ASSAM CM Oath: आज होगा शपथ ग्रहण समारोह
असम की नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को गुवाहाटी के खानापाड़ा में आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री और एनडीए के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
ये भी पढ़े… PM मोदी का बड़ा बयान: बंगाल में लागू हुआ आयुष्मान भारत, ‘लोगों का कल्याण सर्वोपरि’








