Assam Gang Rape: असम के कछार जिले के सिलचर शहर के पास एक 28 वर्षीय महिला के साथ उसके बॉयफ्रेंड के सामने कथित तौर पर सात लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार पीड़िता की शिकायत 19 फरवरी को दर्ज की गई थी। मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
SUV सवार आरोपियों ने कपल पर किया हमला
पुलिस और परिजनों के मुताबिक महिला अपने बॉयफ्रेंड के साथ शहर से कुछ किलोमीटर दूर बाईपास रोड पर कार में मौजूद थी। इसी दौरान एक SUV में आए लोगों ने दोनों को रोक लिया। आरोपियों ने पहले उनसे पूछताछ की और फिर युवक को काबू में कर महिला के साथ कथित तौर पर बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
Assam Gang Rape: दुष्कर्म के बाद खाते में ट्रांसफर कराए पैसे
पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद एक आरोपी ने महिला से उसके बैंक खाते में 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवाए। पीड़िता की पहचान के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच अन्य की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Assam Gang Rape: गंभीर धाराओं में केस दर्ज
सिलचर सदर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें गैंगरेप, डकैती, आपराधिक धमकी और जबरन वसूली से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। पुलिस ने जांच तेज करते हुए आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं।
सोशल मीडिया पर मामला वायरल
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार शुरुआत में मामला सार्वजनिक नहीं हुआ था, लेकिन एक पत्रकार द्वारा रिपोर्टिंग किए जाने के बाद आरोपी के परिजनों ने उस पर हमला कर दिया। पत्रकार की शिकायत पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाहें न फैलाने की अपील की है।
सख्त कार्रवाई की मांग तेज
राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने घटना पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से मामले की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठ रही है।
यह भी पढे़ : ₹1.31 करोड़ के नोटों से सजा शिव दरबार जरूर कीजिये दर्शन






