Ayodhya News: राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या देश के सबसे आकर्षक रियल एस्टेट निवेश केंद्रों में शामिल हो गया है। इसी कड़ी में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के निवेश से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा सामने आया है। ‘हिंदुस्तान टाइम्स इंडिया नेक्स्ट रियल एस्टेट समिट 2026’ में ‘द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा’ के संस्थापक एवं CMD अभिनंदन लोढ़ा ने बताया कि अमिताभ बच्चन ने स्वयं उन्हें फोन कर अयोध्या में जमीन खरीदने की इच्छा जताई थी।
सुबह तीन बजे आया था कॉल
अभिनंदन लोढ़ा ने बताया कि वर्ष 2023 में वह ऑस्ट्रेलिया में थे, तभी भारतीय समय के अनुसार तड़के करीब तीन बजे उन्हें कई मिस्ड कॉल और एक संदेश मिला, जिसमें लिखा था, “मैं अमिताभ बच्चन बोल रहा हूं, समय मिलने पर मुझे कॉल बैक करें।” कॉल बैक करने पर अमिताभ बच्चन ने कहा, “मैं यूपी से हूं और मुझे अयोध्या जी में जमीन लेनी है।”
Ayodhya News: 15 करोड़ की डील अगले ही दिन पूरी
लोढ़ा के मुताबिक, जब अमिताभ बच्चन ने जमीन की कीमत पूछी तो उन्हें बताया गया कि करीब 15 हजार वर्गफुट जमीन की कीमत 15 करोड़ रुपये है। उन्होंने दावा किया कि महानायक ने अगले ही दिन पूरी राशि भेज दी और सौदा तय हो गया।
अयोध्या बना निवेशकों की पहली पसंद
अभिनंदन लोढ़ा ने कहा कि धार्मिक पर्यटन और तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे के कारण अयोध्या रियल एस्टेट निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या दुनिया के कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों से कहीं अधिक है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और संपत्ति बाजार को बड़ा लाभ मिल रहा है।
Ayodhya News: कई बड़े नाम भी कर चुके हैं निवेश
उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन के अलावा अभिनेता रणबीर कपूर, फिल्म निर्माता आनंद पंडित समेत कई चर्चित हस्तियों ने भी अयोध्या के रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में अयोध्या देश के सबसे तेजी से उभरते निवेश गंतव्यों में शामिल रहेगा।








