Azadpur Murder Case: दिल्ली की आज़ादपुर सब्जी मंडी में गुटखे की कीमत को लेकर हुए विवाद ने एक गंभीर और दर्दनाक घटना का रूप ले लिया। मोहम्मद नाजिम (35), जो सहारनपुर का रहने वाला था, ट्रक ड्राइवर था। वह अपने क्लीनर के साथ आढ़ती का ट्रक लेकर गुरुवार देर रात आज़ादपुर सब्जी मंडी पहुंचा था। ट्रक में बीन्स (सब्जी) लदी हुई थी।
गुटखा खरीदने के दौरान शुरू हुआ विवाद
मंडी के गेट के बाहर मजार के पास एक रेहड़ी पर नाजिम चाय पीने के लिए रुका। वहीं उसने गुटखा खरीदा। उसी रेहड़ी पर राहुल नाम का एक युवक बैठा हुआ था।बताया गया कि गुटखे की कीमत को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। राहुल ने गुटखे के पैसे मांगे, लेकिन नाजिम ने गुटखा मुंह में डाल लिया और आगे बढ़ने लगा।

गुस्से में हुआ विवाद और मारपीट
जब राहुल ने पैसे देने के लिए टोका, तो नाजिम ने गुटखा दुकान में थूकते हुए कहा कि “अपना वापस ले ले”।इसके बाद दोनों में बहस बढ़ गई। गुस्से में नाजिम ने राहुल को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और नाजिम व उसका साथी राहुल से भिड़ गए।
इसी दौरान राहुल ने दुकान के अंदर से अदरक काटने के लिए रखा हुआ चाकू उठा लिया। उसने नाजिम की गर्दन के पीछे जोर से वार किया।इस हमले में नाजिम की गर्दन की नस कट गई और वह मौके पर ही गिर गया।
Azadpur Murder Case: अस्पताल ले जाने पर मौत
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत नाजिम को बीजेआरएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलते ही महेंद्र पार्क पुलिस मौके पर पहुंची। गश्त के दौरान चौकी प्रभारी सचिन यादव भी वहां पहुंचे और आरोपी राहुल को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच इंस्पेक्टर हरिकेश मीना को सौंप दी है।
शव परिजनों को सौंपा गया
पोस्टमार्टम के बाद नाजिम का शव उसके परिवार को सौंप दिया गया। उसके परिवार में पत्नी, तीन बच्चे और दो छोटे भाई हैं।बताया जा रहा है कि आरोपी राहुल मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं है और उसे सजा के बजाय इलाज की जरूरत हो सकती है। साथ ही यह भी संभावना जताई गई है कि वह नाबालिग हो सकता है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद की जाएगी।
ये भी पढ़े…33% महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी तेज, 2029 तक लागू करने की योजना








