Bangladesh election: बांग्लादेश में आम चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है और देशभर में मतगणना जारी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार दोपहर 2 बजे तक लगभग 36 हजार मतदान केंद्रों पर 47.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनावी नतीजे आज रात 8 बजे से आने शुरू होंगे।
प्रमुख नेताओं ने डाला मत
अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस , बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के प्रमुख तारिक रहमान और छात्र नेता नाहिद इस्लाम ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग किया। यूनुस ने मतदान के बाद कहा कि यह “नए बांग्लादेश के जन्म” का दिन है और लोगों ने अपने संवैधानिक अधिकार का उपयोग कर देश की दिशा तय की है। भारत ने चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अंतिम नतीजों के बाद ही जनादेश की प्रकृति पर टिप्पणी की जाएगी।
Bangladesh election: कई स्थानों पर हिंसा और झड़पें
मतदान के दौरान कुछ क्षेत्रों में तनाव की घटनाएं भी सामने आईं। खुलना में एक मतदान केंद्र के बाहर जमात-ए-इस्लामी कार्यकर्ताओं के साथ झड़प में बीएनपी नेता मोहिबुज्जमान कोच्चि की मौत हो गई। मुंशीगंज-3 और गोपालगंज सदर क्षेत्र में मतदान केंद्रों के बाहर देसी बम फेंके जाने की सूचना है। गोपालगंज में हुए विस्फोट में तीन लोग घायल हुए।
Bangladesh election: शेख हसीना ने चुनाव को बताया फर्जी
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने चुनाव को “अवैध और असंवैधानिक” बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर मतदान केंद्रों पर कब्जा, धन वितरण और मतपत्रों पर जबरन मुहर लगाने जैसी घटनाएं हुईं।
हसीना ने दावा किया कि राजधानी ढाका सहित कई क्षेत्रों में मतदाता उपस्थिति बेहद कम रही।
मैमनसिंह में फर्जी मतदान की कोशिश
मैमनसिंह-11 क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर पांच युवकों के बूथ में घुसकर मतपत्रों पर मुहर लगाने का मामला सामने आया। पूरी घटना सीसीटीवी में दर्ज हुई। प्रशासन ने संबंधित अधिकारी को हटाकर जांच शुरू कर दी है। आधे घंटे बाद मतदान दोबारा शुरू कराया गया। उपजिला परिषद के अधिकारियों ने बताया कि जिन मतपत्रों पर अधिकृत हस्ताक्षर और मुहर नहीं होगी, उन्हें गणना में शामिल नहीं किया जाएगा।
यूनुस ने शांतिपूर्ण मतदान पर दी बधाई
मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोहम्मद यूनुस ने देशवासियों, निर्वाचन आयोग, सुरक्षा बलों और प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपील की कि अंतिम परिणाम आने के बाद भी लोकतांत्रिक मर्यादा और आपसी सम्मान बनाए रखें। देश में अब सबकी नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जहां से अगले राजनीतिक परिदृश्य की तस्वीर साफ होगी।
यह भी पढे़ : Dehradun News: देहरादून में लगातार हत्याओं का आतंक, तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी की दिनदहाड़े हत्या






