Bhagalpur News: भागलपुर पुलिस द्वारा अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कोचिंग संचालक से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से शहर में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
अब जानें क्या था मामला?
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान उर्दू बाजार निवासी विक्की राजपाल के रूप में हुई है। उसे सबौर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी चोरी-रंगदारी के मामलों में जेल जा चुका है।
Bhagalpur News: कोचिंग संचालक से मांगी गई थी रंगदारी
यह मामला ततारपुर थाना क्षेत्र का है, जहां हाल के दिनों में एक कोचिंग संचालक से फोन के जरिए 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। आरोपी ने रकम नहीं देने पर संचालक को गंभीर अंजाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी थी। धमकियों से परेशान पीड़ित ने ततारपुर थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सबौर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद अब आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस रंगदारी कांड में आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही ये भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इसके पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ तो नहीं है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले में क्या कहा?
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी कीमत पर आम नागरिकों और व्यापारियों को डराने-धमकाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Report By: शयामानंद सिह







