Home » बिहार » एनकाउंटर पर बयान पड़ा भारी! भारत तिवारी केस में कांस्टेबल आशीष कुमार तिवारी सस्पेंड

एनकाउंटर पर बयान पड़ा भारी! भारत तिवारी केस में कांस्टेबल आशीष कुमार तिवारी सस्पेंड

BHARAT TIWARI ENCOUNTER: भोजपुर में भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर सार्वजनिक बयान देने वाले बिहार पुलिस के कांस्टेबल आशीष कुमार तिवारी को पूर्वी चंपारण पुलिस ने निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई।

वायरल वीडियो के बाद हुई विभागीय जांच

मोतिहारी पुलिस लाइंस में तैनात कांस्टेबल आशीष कुमार तिवारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में उन्होंने खुद को भरत तिवारी का भाई बताते हुए एनकाउंटर मामले पर सार्वजनिक टिप्पणी की थी। इसके अलावा उन्होंने मीडिया संस्थानों से भी बातचीत की थी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी।

BHARAT TIWARI ENCOUNTER: एसपी बोले- जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई

पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने बताया कि संबंधित पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) द्वारा मामले की विभागीय जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट की समीक्षा के बाद कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया गया।

जवाब संतोषजनक नहीं मिला

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विभागीय जांच के दौरान आशीष कुमार तिवारी को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। जांच में यह भी माना गया कि सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर उनका व्यवहार पुलिस सेवा आचरण नियमों के अनुरूप नहीं था।

BHARAT TIWARI ENCOUNTER: पुराने अनुशासनहीनता के मामले भी आए सामने

विभागीय जांच के दौरान कांस्टेबल के पूर्व रिकॉर्ड की भी समीक्षा की गई। आरोप है कि जनवरी 2023 में हरपुर थाना में तैनाती के दौरान उन्होंने रात्रि गश्त के समय एक साथी पुलिसकर्मी को चाकू दिखाकर धमकाया था। वहीं अगस्त 2024 में पिपराकोठी थाना में पोस्टिंग के दौरान सहकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार करने और सर्विस रिवॉल्वर उनकी ओर तानने का भी आरोप सामने आया था। इन घटनाओं को भी विभागीय कार्रवाई के दौरान ध्यान में रखा गया।

एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच जारी

उल्लेखनीय है कि भोजपुर में भरत तिवारी की पुलिस एनकाउंटर में हुई मौत को लेकर राज्य में राजनीतिक और सामाजिक बहस जारी है। मामले की न्यायिक जांच चल रही है और इसी बीच कांस्टेबल के सार्वजनिक बयान के कारण विभाग ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया।

ये भी पढ़े… Ketan Agarwal Murder: सिया के भाई से10 घंटे हुई पूछताछ, अब डमी बॉडी से होगा सीन रीक्रिएशन