Bihar Bridge Accident: बिहार के वैशाली जिले के लालगंज में गुरुवार को निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर अचानक गिर गया। हादसे की चपेट में आने से 8 मजदूर घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के दौरान एक कर्मचारी का पैर लोहे के नीचे बुरी तरह फंस गया था, जिसे बाद में लोहे की मशीन से काटकर बाहर निकाला गया।
निर्माण के दौरान अचानक गिरा पुल का लॉन्चर
यह हादसा वैशाली के लालगंज में भारतमाला परियोजना के तहत बनाए जा रहे एनएचएआई के एनएच-139डब्ल्यू फोरलेन मार्ग पर हुआ। गुरुवार को पुल के निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन पुल का लॉन्चर अचानक नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहे कई कर्मचारी घायल हो गए।हादसे के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए लालगंज के अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में 6 घायल कर्मचारियों का इलाज किया गया। वहीं, दो घायलों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया।
Bihar Bridge Accident: हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। फिलहाल हादसा किस कारण हुआ, इसकी जांच की जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का कितना पालन किया जा रहा था, इसे लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।हादसे के दौरान एक युवक का पैर भारी लोहे के नीचे दब गया था। उसे राहत देने के लिए उसके सिर पर पानी डाला गया। हालांकि, लोहे का वजन ज्यादा होने के कारण उसका पूरा पैर उसके नीचे फंस गया था। इसके बाद मशीन की मदद से लोहे को काटा गया और युवक का पैर बाहर निकाला गया।
Bihar Bridge Accident: पूर्णिया में ट्रक गुजरते ही ढह गया था पुल
इससे पहले भी बिहार में पुल टूटने की एक घटना सामने आई थी। पूर्णिया के अमौर प्रखंड की तियरपाड़ा पंचायत स्थित आसियानी डगरा घाट पर एक पुराना और जर्जर लोहे का पुल टूट गया था। बताया गया था कि गिट्टी से लदा एक ट्रक पुल से गुजर रहा था, तभी पुल अचानक भरभरा कर गिर गया और ट्रक नदी में जा समाया था।








